बलरामपुर : शासकीय भूमि अतिक्रमण मामले में प्रभावित परिवारों ने कलेक्टर से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now

बलरामपुर, 09 जून (हि.स.)।मंगलवार को जिला मुख्यालय बलरामपुर के वार्ड क्रमांक 03 स्थित जुड़नियापारा क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रभावित 45 परिवारों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासन से मुलाकात की। प्रशासन द्वारा हाल ही में मकान खाली करने संबंधी प्रथम नोटिस जारी किए जाने के बाद यह परिवार अपनी बात रखने पहुंचे थे।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने प्रभावित परिवारों को स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि वर्तमान में केवल प्रथम नोटिस जारी किया गया है और आगे की सभी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से संपन्न की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि तहसील न्यायालय बलरामपुर में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण से संबंधित प्रकरण विचाराधीन है, जिस पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक नोटिस जारी कर कानूनी प्रक्रिया के तहत ही आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और नियमों का पूर्ण पालन किया जाएगा, ताकि किसी भी पक्ष के अधिकारों का उल्लंघन न हो। साथ ही सभी प्रभावित लोगों को विधिक प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story