सीएम हेल्पलाइन 1076 से मजबूत हो रहा सुशासन, शिकायतों के त्वरित समाधान से बढ़ा लोगों का भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
सीएम हेल्पलाइन 1076 से मजबूत हो रहा सुशासन, शिकायतों के त्वरित समाधान से बढ़ा लोगों का भरोसा


सीएम हेल्पलाइन 1076 से मजबूत हो रहा सुशासन, शिकायतों के त्वरित समाधान से बढ़ा लोगों का भरोसा


कोरबा, 03 अगस्त (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेह प्रशासन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। यह व्यवस्था अब केवल शिकायत दर्ज कराने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण समाधान का भरोसेमंद मंच बन चुकी है।

कोरबा जिले में कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम जिले के प्रदर्शन में साफ दिखाई दे रहा है।

जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ है। जिलास्तर पर नियमित समीक्षा बैठकों के जरिए सभी विभागों के अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाते हैं। लगातार मॉनिटरिंग और जवाबदेह कार्यप्रणाली के कारण कोरबा जिला राज्य के औसत से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक जिले में अब तक कुल 4,042 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 73.60 प्रतिशत शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है, जबकि राज्य का औसत 63.84 प्रतिशत है। वहीं शिकायतों के समाधान पर प्राप्त फीडबैक में 61.37 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, जो राज्य के औसत 55.68 प्रतिशत से अधिक है। प्रशासन का कहना है कि इन उपलब्धियों के पीछे अधिकारियों की नियमित निगरानी और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान की नीति प्रमुख कारण है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के जरिए अनेक लोगों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान भी संभव हुआ है। विकासखंड पाली के ग्राम पोलमी निवासी गौरीबाई लंबे समय से राशन कार्ड नहीं होने के कारण विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रही थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जनपद पंचायत पाली के माध्यम से उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड उपलब्ध कराया। अब उन्हें खाद्यान्न सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। गौरीबाई ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए इसे उनकी बड़ी समस्या का समाधान बताया।

कटघोरा नगर पालिका क्षेत्र के सिद्धि विहार स्थित शांति विला गोदावरी निवास के आसपास आवारा कुत्तों की समस्या से परेशान वंदना यादव ने भी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के कुछ घंटों के भीतर ही नगर पालिका ने संबंधित क्षेत्र में बंध्याकरण और टीकाकरण अभियान चलाकर आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद क्षेत्रवासियों को राहत मिली और शिकायतकर्ता ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की।

इसी प्रकार मोतीसागरपारा निवासी शांतनु मिश्रा ने मोहल्ले की नाली में गाद जमा होने और जलभराव की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही नगर निगम की स्वच्छता टीम मौके पर पहुंची और नाली की सफाई कर जल निकासी सुचारु कर दी। वहीं वार्ड क्रमांक 58 सरदार वल्लभभाई पटेल नगर स्थित खाली भूखंड में लंबे समय से जमा कचरे की शिकायत पर नगर निगम ने जेसीबी और ट्रैक्टर की सहायता से पूरे क्षेत्र की सफाई कर आसपास के लोगों को राहत पहुंचाई।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से छोटी लेकिन आम लोगों के दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं का भी तेजी से समाधान किया जा रहा है। मोतीसागरपारा निवासी कन्हैया लाल टेवानी ने खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायत दर्ज कराई थी। अगले ही दिन संबंधित विभाग ने स्ट्रीट लाइट सुधारकर चालू कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार अधिकारियों ने लगातार संपर्क बनाए रखकर समाधान की जानकारी दी, जिससे शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ।

पंपहाउस क्षेत्र निवासी रामकुमार साहू ने अपने घर में लगातार हो रही बिजली की वोल्टेज अप-डाउन की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद बिजली विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लगभग एक घंटे के भीतर समस्या का समाधान कर दिया। रामकुमार साहू ने कहा कि अब आम नागरिकों की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है और समस्याओं का त्वरित समाधान मिल रहा है।

जिला प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से पंचायत, राजस्व, नगरीय निकाय, बिजली, पेयजल, सड़क, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा और कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक शिकायत का केवल निस्तारण ही नहीं, बल्कि ऐसा समाधान हो जिससे शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो। लगातार मिल रहा सकारात्मक फीडबैक इस बात का प्रमाण माना जा रहा है कि जनहित से जुड़ी योजनाएं और शिकायत निवारण प्रणाली प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू हो रही हैं तथा प्रशासन के प्रति आम जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story