सुशासन तिहार: जनसमस्या निवारण शिविर में लोगों की समस्या का हो रहा निराकरण

WhatsApp Channel Join Now
सुशासन तिहार: जनसमस्या निवारण शिविर में लोगों की समस्या का हो रहा निराकरण


धमतरी, 06 मई (हि.स.)। “सुशासन तिहार” के अंतर्गत बुधवार शहर के बठेना वार्ड और सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड में जनसमस्या निवारण एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सभापति कौशिल्या देवांगन ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और वार्डवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। नागरिकों ने राजस्व, पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, बिजली सहित अन्य योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने गंभीरता से सुनवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया, जबकि शेष आवेदनों को शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि “सुशासन तिहार” जैसे आयोजन आमजन की समस्याओं को सीधे सुनने और त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का निराकरण संभव हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। कार्यक्रम में आयुक्त प्रिया गोयल, उपायुक्त पी.सी. सार्वा, एमआईसी सदस्य एवं पार्षद बठेना श्यामलाल नेताम, पार्षद भारती साहू, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story