सुशासन तिहार : आज बिलासपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री साय

WhatsApp Channel Join Now
सुशासन तिहार : आज बिलासपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री साय


रायपुर 04 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज गुरुवार काे सुशासन तिहार के तहत बिलासपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे, विकास कार्यों की सौगात देंगे और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम लगभग 4 बजे हेलीकॉप्टर से बिलासपुर पहुंचेंगे। वे हेमूनगर स्थित बंधवा तालाब के समीप ईशिका पार्क में आयोजित सुशासन शिविर में शामिल होकर आम नागरिकों से रूबरू होंगे। इस दौरान वे जनसमस्याओं और सुझावों को सुनने के साथ-साथ विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री दयालबंद मधुबन पहुंचकर प्रस्तावित एजुकेशन हब निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। दौरे के दौरान वे कलेक्टोरेट के मंथन सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक भी लेंगे।

बैठक में बिलासपुर सहित पांच जिलों के अधिकारियों के साथ सुशासन तिहार के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और जमीनी प्रभाव की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री जनहितकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का फीडबैक लेने के साथ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।

मुख्यमंत्री का यह दौरा सुशासन, जवाबदेही और विकास कार्यों की गति को परखने के साथ-साथ आम जनता और शासन के बीच संवाद को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story