नहर किनारे विराजे नहरिया बाबा की महिमा, आज हनुमान जन्मोत्सव पर उमड़ेगी आस्था की भीड़
जांजगीर-चांपा, 02 अप्रैल (हि. स.)। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आज गुरुवार काे जिले में आस्था का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है। जिला मुख्यालय जांजगीर-नैला स्थित प्रसिद्ध नहरिया बाबा हनुमान मंदिर में इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
नहर किनारे स्थित यह प्राचीन मंदिर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है। यहां पूरे साल भक्तों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन मंगलवार, शनिवार और विशेष पर्वों पर भारी भीड़ उमड़ती है। हनुमान जन्मोत्सव के दिन करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए आने का अनुमान है।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में मानस महायज्ञ, संत सम्मेलन, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण, पेयजल और अन्य सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर रेलवे ट्रैक से लगा होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
मंदिर के पुजारी मन्नूलाल शुक्ला के अनुसार, हनुमान जयंती के दिन सुबह से देर रात तक पूजा-अर्चना, हनुमान चालीसा पाठ और भजन-कीर्तन का क्रम चलता रहता है। इस दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ ओडिशा, मध्यप्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
मंदिर के इतिहास के बारे में बताया जाता है कि वर्ष 1984 में नहर निर्माण के दौरान यहां हनुमान जी की प्रतिमा प्राप्त हुई थी। इसके बाद पीपल के पेड़ के नीचे पूजा शुरू हुई और धीरे-धीरे यह स्थान एक प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विकसित हो गया। नहर के किनारे स्थित होने के कारण ही इसे “नहरिया बाबा” के नाम से जाना जाता है।
नहरियाबाबा हनुमान सेवा समिति के सचिव प्रमोद कुमार तिवारी ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
भक्तों की मान्यता है कि नहरिया बाबा के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूर्ण होती है। यही कारण है कि यह मंदिर आज पूरे प्रदेश में आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

