कन्या महाविद्यालय की व्यवस्थाओं का कलेक्टर ने लिया जायजा, साफ-सफाई में सुधार के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कन्या महाविद्यालय की व्यवस्थाओं का कलेक्टर ने लिया जायजा, साफ-सफाई में सुधार के निर्देश


बलरामपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आज मंगलवार को बलरामपुर स्थित शासकीय कन्या महाविद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक और व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ महाविद्यालय में अनुशासित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने सहायक प्राध्यापकों को समय पर उपस्थिति दर्ज कराने और निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं प्राचार्य को विषयवार कक्षाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा शिक्षण व्यवस्था में समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने महाविद्यालय परिसर और कक्षाओं की स्वच्छता के साथ पेयजल व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। छात्रवृत्ति फॉर्म सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ भरवाने को भी कहा, ताकि छात्राओं को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।

कलेक्टर ने कहा कि महाविद्यालय की प्रबंधन व्यवस्था दुरुस्त रखते हुए शिक्षण कार्य को प्रभावी बनाया जाए, ताकि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और परीक्षा परिणाम बेहतर हो सकें। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story