पेड़ों को राखी बांधकर छात्राओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
पेड़ों को राखी बांधकर छात्राओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश


धमतरी, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गुरूवार को धमतरी जिले के बाजारकुर्रीडीह स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने अनूठी पहल करते हुए पेड़ों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में गुरुवार काे आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने पेड़ों को अपना संरक्षक मानते हुए उनकी रक्षा और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।

शिक्षकों के मार्गदर्शन में छात्राओं केसर, कामिनी, तुलेश्वरी, भावना, सिद्धि, तेजस्विनी, फाल्गुनी और मोनिका ने विभिन्न पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधे। छात्राओं ने कहा कि जिस तरह रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और सुरक्षा का प्रतीक है, उसी तरह पेड़ों की रक्षा करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है, क्योंकि वृक्ष जीवन, स्वच्छ हवा और हरियाली का आधार हैं। विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता डा आशीष नायक ने कहा कि भारतीय संस्कृति के अधिकांश त्योहार प्रकृति से जुड़े हुए हैं।

रक्षाबंधन केवल रिश्तों का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपने दायित्व को याद करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि पेड़ों को राखी बांधकर बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने की अपील भी की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story