कोरबा के सिमगा स्कूल में छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी गई जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा के सिमगा स्कूल में छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दी गई जानकारी


कोरबा ,20 जुलाई (हि. स.)।कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में सोमवार को छात्राओं के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव एवं एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन को लेकर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर के कारण, उससे बचाव के उपाय और समय पर एचपीवी टीकाकरण के महत्व की जानकारी देना था।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि एचपीवी वायरस महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाना सबसे अधिक प्रभावी माना जाता है, क्योंकि इस उम्र में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली बेहतर तरीके से वैक्सीन का लाभ प्राप्त करती है।

प्राचार्य ने छात्राओं को बताया कि भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं के लिए निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता। उन्होंने सभी पात्र छात्राओं से बिना किसी डर या भ्रम के समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।

कार्यशाला के दौरान छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षण, इसके जोखिम कारकों, बचाव के उपायों और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा यह बताया गया कि समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवाकर भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम से प्रेरित होकर 15 वर्ष से कम आयु की सभी छात्राओं ने एचपीवी वैक्सीन लगवाने का संकल्प लिया। अंत में प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने सभी छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं रुखमणि पूरैना, दिव्या कुजूर, मेलन कंवर, पुष्पा कुमारी, शिक्षक रमाकांत कुसरो, पालकगण तथा विद्यालय के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी साझा कीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story