अंबिकापुर रक्षित केंद्र में जनरल परेड, डीआईजी राजेश अग्रवाल ने ली सलामी
अंबिकापुर , 13 मार्च (हि.स.)। सरगुजा जिले के रक्षित केंद्र अंबिकापुर में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड की सलामी डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने ली। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अनुशासन, टर्नआउट और प्रदर्शन की समीक्षा की तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
परेड निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को टोलीवार परेड कराई और उनके टर्नआउट व अनुशासन का बारीकी से अवलोकन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस बल की फिटनेस, अनुशासन और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनरल परेड का नियमित आयोजन किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने रक्षित केंद्र की स्टोर शाखा का भी जायजा लिया। यहां रखी सामग्रियों के रखरखाव, समय पर जवानों को वितरण तथा उपयोगी उपकरणों की समय-समय पर मरम्मत और रखरखाव के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आर्म्स शाखा का निरीक्षण करते हुए हथियारों की सुरक्षा, नियमित साफ-सफाई और बेहतर मेंटेनेंस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रक्षित केंद्र में संचालित पुलिस यूनिट बैंक के माध्यम से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यकतानुसार लाभ पहुंचाने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए।
डीआईजी एवं एसएसपी ने वाहन शाखा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान शासकीय वाहनों की स्थिति, रखरखाव और ड्राइवर डायरी तथा लॉग बुक की जांच की गई। बीपी वाहन और जैमर वाहन सहित अन्य वाहनों को बेहतर स्थिति में रखने के लिए वाहन शाखा प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनरल परेड के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर, उप पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सुरेश भगत, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण तूल सिंह पट्टावी, रक्षित निरीक्षक तृप्ती सिंह राजपूत, थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, थाना प्रभारी लुंड्रा निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज सहित विभिन्न थाना-चौकी और कार्यालयों से कुल 174 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

