जेम पोर्टल से शासकीय खरीदी में आएगी नई पारदर्शिता: कलेक्टर
धमतरी, 07 जुलाई (हि.स.)। शासकीय खरीदी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जेम (गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस) पोर्टल पर जिले के सभी विभागीय अधिकारियों के लिए मंगलवार को विशेष प्रशिक्षण एवं प्रश्नोत्तर कार्यशाला आयोजित की।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में अधिकारियों को जेम पोर्टल के प्रभावी संचालन, नवीन प्रावधानों और व्यवहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर इंदिरा देवहरी, एसडीएम पीयूष तिवारी, महाप्रबंधक उद्योग खांडेकर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यशाला में जेम के अधिकृत प्रशिक्षक राकेश तिवारी ने पोर्टल के माध्यम से शासकीय खरीदी के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, तकनीकी चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से जानकारी दी। विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से अधिकारियों को निविदा प्रक्रिया, विक्रेता चयन, मूल्य तुलना, ऑनलाइन ऑर्डर, भुगतान प्रक्रिया तथा रिकॉर्ड प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया सरल और व्यवहारिक ढंग से समझाई गई। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि जेम पोर्टल के माध्यम से खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होने से पारदर्शिता बढ़ती है, प्रतिस्पर्धी दरों पर गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध होती है, समय और सरकारी संसाधनों की बचत होती है तथा प्रत्येक खरीदी का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहने से जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है। कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभाग जेम पोर्टल का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शासकीय खरीदी निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार जेम पोर्टल के माध्यम से ही की जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल खरीदी प्रणाली न केवल पारदर्शिता और गुणवत्ता को बढ़ावा देगी, बल्कि शासकीय कार्यों में गति और दक्षता भी सुनिश्चित करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

