सोरिद में गायत्री महायज्ञ: 125 बच्चों का विद्यारंभ, 24 गर्भवती महिलाओं का पुंसवन संस्कार

WhatsApp Channel Join Now
सोरिद में गायत्री महायज्ञ: 125 बच्चों का विद्यारंभ, 24 गर्भवती महिलाओं का पुंसवन संस्कार


सोरिद में गायत्री महायज्ञ: 125 बच्चों का विद्यारंभ, 24 गर्भवती महिलाओं का पुंसवन संस्कार


धमतरी, 06 अप्रैल (हि.स.)। सोरिद में गायत्री परिवार द्वारा आयोजित चार दिवसीय पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव के तृतीय दिवस सोमवार को धार्मिक आस्था, संस्कार और परंपरा का अनुपम संगम देखने को मिला। इस अवसर पर 125 बच्चों का विद्यारंभ संस्कार तथा 24 गर्भवती महिलाओं का पुंसवन संस्कार विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में कथा वाचक वरिष्ठ प्रज्ञा पुत्र परमानंद महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चों के जीवन में मां ही प्रथम गुरु होती है। मां की गोद और उसकी पाठशाला से ही बालक के व्यक्तित्व का निर्माण प्रारंभ होता है। उन्होंने कहा कि विद्यारंभ संस्कार बच्चों में प्रारंभ से ही शिक्षा के प्रति रुचि जागृत करता है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव बनता है। पुंसवन संस्कार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह संस्कार गर्भस्थ शिशु के सर्वांगीण विकास हेतु अत्यंत आवश्यक है। इससे शिशु में संस्कार, चरित्र और ज्ञान के बीज गर्भावस्था से ही रोपित किए जाते हैं, जो वर्तमान समय की प्रमुख आवश्यकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि बिना संस्कार के जीवन अधूरा है। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को गायत्री मंत्र की पुस्तिका एवं गुरुदेव का साहित्य भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक दिलीप नाग, प्रमुख प्रबंध ट्रस्टी खिलेश्वरी किरण, ब्लॉक समन्वयक उगेश बंसोर तथा वरिष्ठ परिजन तामेश्वर साहू सहित अन्य परिजनों का भी शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन कथावाचक नारायण कौशिक ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन चेतन साहू द्वारा किया गया।

इस आयोजन में डॉ. रामचंद्र मेश्राम, चन्द्रहास बाण्डे, चेतन साहू, हरीश सिन्हा, लाला राम मगेन्द, हेमसिंग कंवर, देव नारायण जैन, आर.के. तारम, लक्ष्मण साहू, रीता बाण्डे, अलका तारम, मंजू जैन, गीता साहू, नमिता देवांगन, हेमबाई ठाकुर, यशोदा सार्वा, चमेली साहू, टेमेश्वरी साहू, सरिता सिन्हा, राजकुमार साहू, कृष्णा साहू, हिरमा साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं परिजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story