भानुप्रतापपुर में गौरा-गौरी उत्सव का आयोजन छह नवंबर से

WhatsApp Channel Join Now
भानुप्रतापपुर में गौरा-गौरी उत्सव का आयोजन छह नवंबर से


कांकेर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के भानुप्रतापपुर में दीपावली के बाद छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और धार्मिक आस्था से जुड़ा गौरा-गौरी उत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्रीशिव गौरा-गौरी आयोजन समिति द्वारा लगातार चौथे वर्ष छह दिवसीय कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। 06 नवंबर से 11 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में पूजा-अर्चना, देव जागरण, पारंपरिक रस्में, नगर भ्रमण, विसर्जन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

नगर के वार्ड क्रमांक 06 में थाना के सामने आयोजन स्थल बनाया गया है। समिति द्वारा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र की पारंपरिक मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जोड़ना है। कार्यक्रम की शुरुआत 06 नवंबर शुक्रवार को शाम 07 बजे फूल कुचनी एवं देव जागरण के साथ होगी। 07 नवंबर शनिवार को शाम 07 बजे पुनः देव जागरण का आयोजन किया जाएगा। 08 नवंबर रविवार को दोपहर 12 बजे चूलमाटी की पारंपरिक रस्म निभाई जाएगी। इसके बाद शाम 05 बजे नगर में गौरा-गौरी एवं कलश परघौनी निकाली जाएगी। रात्रि 09 बजे से देव खेल का आयोजन होगा।

इसी क्रम में 09 नवंबर सोमवार को शाम 07 बजे देव जागरण होगा। 10 नवंबर मंगलवार को सुबह 08 बजे गौरा-गौरी की नगर यात्रा निकाली जाएगी। नगर भ्रमण के बाद पारंपरिक विधि-विधान के साथ राजा तालाब में विसर्जन किया जाएगा। उत्सव के अंतिम दिन 11 नवंबर बुधवार को दोपहर 02 बजे से भव्य भंडारे का आयोजन रखा गया है। वहीं शाम 06 बजे रायपुर के प्रसिद्ध पंडवानी गायक दुष्यंत द्विवेदी अपनी प्रस्तुति देंगे। पंडवानी गायन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक परंपरा की विशेष झलक देखने को मिलेगी।

आयोजन समिति के शिव गंधर्व 6266689447, अनुज तिवारी 7879124430, ईश्वर साहू 6264704242 ने नगर के नागरिकों, व्यापारियों और दानदाताओं से अपील की है कि वे इस छह दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। समिति का कहना है कि सामूहिक सहभागिता से ही नगर की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखा जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769592 Articles

Share this story