गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड सहित मुख्य आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड सहित मुख्य आरोपित गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 18 मार्च (हि. स.)। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अकलतरा थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में आज बुधवार काे पुलिस ने आदतन अपराधी और मुख्य आरोपित भास्कर राठौर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपिताें को पकड़ा जा चुका है। जांच के दौरान ओडिशा तक फैले इस नेटवर्क की कड़ियां भी सामने आई हैं।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास कुछ लोग गांजा लेकर मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 5 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग दाे लाख 58 हजार रुपये आंकी गई।

पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि गांजा ओडिशा से लाकर क्षेत्र में खपाया जाता था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच करते हुए ‘एंड-टू-एंड’ विवेचना शुरू की। इसी क्रम में ओडिशा के हिमगिर क्षेत्र से आरोपित शाहिद खान उर्फ गुलाप खान को भी गिरफ्तार किया गया।

शाहिद खान से पूछताछ में मुख्य सरगना भास्कर राठौर (54 वर्ष), निवासी सारागांव, का नाम सामने आया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसके ठिकाने पर दबिश दी, जहां से 120 ग्राम गांजा और 1050 रुपये नकद बरामद किए गए। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि भास्कर राठौर पहले भी गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है और वह ओडिशा से कम उम्र के बच्चों के माध्यम से गांजा मंगवाकर इलाके में बेचता था।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना अकलतरा के निरीक्षक भास्कर शर्मा, एसआई बी.एल. कोसरिया, गौकरण राय, भूषण राठौर सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story