मुर्गा लड़ाई की आड़ में लाखों का जुआ, 156 जुआरी पकड़ाए, 20 लाख नगद व 47 वाहन जब्त

WhatsApp Channel Join Now
मुर्गा लड़ाई की आड़ में लाखों का जुआ, 156 जुआरी पकड़ाए, 20 लाख नगद व 47 वाहन जब्त


बीजापुर, 04 नवंबर (हि.स.)। जिले की भद्राकाली पुलिस ने दीपावली से पहले अवैध जुआ गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए आज बुधवार काे बड़ी कार्रवाई करते हुए रैगुड़ा के जंगल में चल रहे अवैध जुए के अड्डे पर दबिश देकर 156 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से 20 लाख 01 हजार 200 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा 47 चार पहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि मुर्गा लड़ाई की आड़ में यहां लंबे समय से लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा था। बस्तर क्षेत्र में इसे अब तक की बड़ी जुआ कार्रवाई बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार रैगुड़ा जंगल में मुर्गा बाजार के नाम पर जुए का आयोजन किया जा रहा था। यहां बड़ी संख्या में लोग जुटकर लाखों रुपये का दांव लगा रहे थे। इसकी सूचना मिलने के बाद भद्राकाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुए के अड्डे पर दबिश देकर कार्रवाई की। बताया गया कि यहां मुर्गा लड़ाई की आड़ में बड़े स्तर पर रुपये-पैसों का दांव लगाया जा रहा था और जुआ संचालित किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 20 लाख 1 हजार 200 रुपये नगद, 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त की गई नकद राशि और वाहनों की संख्या से इस जुआ गतिविधि के बड़े स्तर पर संचालित होने का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस की अचानक कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने पकड़े गए 156 व्यक्तियों के विरुद्ध थाना भद्राकाली में अपराध क्रमांक 06/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) तथा सार्वजनिक द्यूत अधिनियम की धारा 04 एवं 13 के तहत कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story