दलपत सागर में चल रहे 9.88 करोड़ की परियोजना का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए : राजेश चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
दलपत सागर में चल रहे 9.88 करोड़ की परियोजना का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए : राजेश चौधरी


जगदलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी के नेतृत्व में आज रविवार काे कांग्रेस पार्षद दल द्वारा नगर निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दलपत सागर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान कांग्रेस पार्षद दल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मापदंडों, कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए। नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने विधायक, महापौर एवं नगर निगम आयुक्त से सवाल किया कि आखिर दलपत सागर में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी सार्वजनिक करने से परहेज क्यों किया जा रहा है? क्या उच्च न्यायालय में कैविएट दायर करने की पहल विकास कार्यों में बाधा रोकने के लिए थी, या फिर निर्माण कार्यों में संभावित अनियमितताओं पर उठने वाले सवालों से बचने की रणनीति है?

राजेश चौधरी ने कहा कि जगदलपुर की जनता शहर में बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण विकास चाहती है, लेकिन विकास के नाम पर यदि नियमों, तकनीकी मापदंडों और पारदर्शिता की अनदेखी की जाती है, तो उस पर सवाल उठाना विपक्ष और शहर वासियों का लोकतांत्रिक अधिकार है। दलपत सागर जगदलपुर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान है। ऐसे महत्वपूर्ण जलाशय में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होने चाहिए।

राजेश चौधरी ने कहा कि निर्माण कार्य बिना स्पष्ट डीमार्केशन और लेआउट के संचालित किया जा रहा है। स्थिति यह है कि संबंधित इंजीनियर को भी कार्य प्रारंभ होने की जानकारी नहीं है और न ही क्षेत्र के वार्ड पार्षद को निर्माण कार्य के संबंध में विधिवत अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि दलपत सागर जैसे महत्वपूर्ण जलाशय में करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन कार्यों का विस्तृत विवरण, तकनीकी स्वीकृति, लेआउट, निर्माण सामग्री और कार्य की समय सीमा सार्वजनिक नहीं की जा रही है।

राजेश चौधरी ने उच्च न्यायालय में दायर कैविएट को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति उत्पन्न हो गई थी कि दलपत सागर के निर्माण कार्यों को लेकर उच्च न्यायालय में कैविएट दायर करने की आवश्यकता महसूस हुई? शहर का कोई भी नागरिक नियमानुसार और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों को रोकना नहीं चाहता। यदि निर्माण कार्य पूरी तरह नियमों के अनुरूप और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है, तो फिर किसी को भी सवालों से डरने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। कैविएट दायर करने की पहल कहीं निर्माण कार्यों में संभावित अनियमितताओं को लेकर उठने वाले सवालों से बचने का प्रयास तो नहीं है?

राजेश चौधरी ने विधायक, महापौर एवं नगर निगम प्रशासन से मांग की कि दलपत सागर के बाहरी क्षेत्र में 9.88 करोड़ रुपये की परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित सभी कार्यों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक किया जाए। इसके साथ ही दलपत सागर के भीतरी क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों की पूरी जानकारी भी शहरवासियों के सामने रखी जाए। उन्होंने कहा कि दलपत सागर केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि जगदलपुर की ऐतिहासिक विरासत और शहर की पहचान है। इसके संरक्षण और विकास के नाम पर किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। विकास कार्यों में बाधा की आशंका बताकर न्यायालय में कैविएट दायर करना और दूसरी ओर निर्माण कार्यों की बुनियादी जानकारियां सार्वजनिक नहीं करना अनेक सवाल खड़े करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story