अंग्रेजों की गुलामी के बाद नक्सली दहशत से भी मिली आजादी : एसडीओपी कामड़े

WhatsApp Channel Join Now
अंग्रेजों की गुलामी के बाद नक्सली दहशत से भी मिली आजादी : एसडीओपी कामड़े


बीजापुर, 15 अगस्त (हि.स.)। भोपालपटनम थाना परिसर में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी, जवान, शहीद परिवारों के सदस्य तथा कस्तूरबा गांधी आश्रम के बच्चे और शिक्षक शामिल हुए।

ध्वजारोहण के बाद देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद किया गया। समारोह के दौरान शहीद परिवारों का सम्मान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया। कस्तूरबा गांधी आश्रम के बच्चों ने भी कार्यक्रम में उत्साह के साथ सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओपी धनश्याम कामड़े ने कहा कि आजादी का महत्व केवल अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त होने तक सीमित नहीं है। लंबे समय तक क्षेत्र के लोगों ने नक्सली दहशत का भी सामना किया है। उन्होंने कहा कि पहले अंग्रेजों के इशारे पर चलना पड़ता था और बाद में नक्सलियों के डर का माहौल रहा। अब क्षेत्र नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकल रहा है और लोगों को भयमुक्त वातावरण में रहने का अवसर मिल रहा है। एसडीओपी कामड़े ने कहा कि नक्सलमुक्ति के बाद अब लोग खुलकर अपनी जिंदगी जी पा रहे हैं। बच्चे स्कूल जा रहे हैं, ग्रामीण अपने रोजमर्रा के काम बिना डर के कर रहे हैं और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं बन रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story