सड़क दुर्घटना पीड़ित को मिला तत्काल निशुल्क उपचार

WhatsApp Channel Join Now
सड़क दुर्घटना पीड़ित को मिला तत्काल निशुल्क उपचार


धमतरी, 09 अप्रैल (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित और निशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में जिले ने अहम उपलब्धि हासिल की है। केंद्र सरकार की पीएम-राहत योजना के अंतर्गत धमतरी में पहली बार एक गंभीर घायल का सफल कैशलेस इलाज किया गया।

कांकेर जिले के चिहरो निवासी 23 वर्षीय भागवत प्रसाद दुग्गा सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रात में उन्हें धमतरी के नंदा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां सिर में गंभीर चोट, एक्स्ट्राड्यूरल ब्लीड और चेहरे की हड्डियों में फ्रैक्चर पाया गया। चिकित्सकों ने तत्परता दिखाते हुए योजना के तहत उनका पूरी तरह निशुल्क इलाज किया। लगभग एक सप्ताह तक चले इलाज के बाद आठ अप्रैल को मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गया। योजना के तहत 24 घंटे के भीतर भर्ती मरीज को डेढ़ लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलता है। जिले में अन्य तीन घायलों को भी इसका लाभ मिला है। प्रशासन ने अपील की है कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को तुरंत नजदीकी पंजीकृत अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर उपचार से जीवन बचाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story