जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे सुनील को मिला नया जीवन

WhatsApp Channel Join Now
जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे सुनील को मिला नया जीवन


कोरबा, 21 जुलाई (हि. स.)। जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित युवक सुनील कुमार पोया को जिला स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की पहल से नया जीवन मिला है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले सुनील का निःशुल्क हृदय ऑपरेशन सफलतापूर्वक कराया गया, जिससे वह अब पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौट रहा है।

सुनील बचपन से ही हृदय संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित था। सांस फूलना, सीने में दर्द और अत्यधिक थकान के कारण उसकी पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था। आरबीएसके टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच के दौरान उसकी बीमारी की पहचान की गई। इसके बाद जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने आवश्यक जांच कर उसे उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में सुनील का सफल हृदय ऑपरेशन किया गया। उपचार का पूरा खर्च शासन की योजना के तहत वहन किया गया, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार को बड़ी राहत मिली। ऑपरेशन के बाद सुनील के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है और वह अब सामान्य दिनचर्या अपनाने लगा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के माध्यम से जन्मजात हृदय रोग सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों एवं युवाओं की समय पर पहचान कर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी बच्चे में हृदय रोग या अन्य गंभीर बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच अवश्य कराएं, ताकि समय पर उपचार से उसका जीवन बचाया जा सके।

यह सफलता स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सकों और आरबीएसके टीम के समन्वित प्रयासों का परिणाम है, जिसने एक जरूरतमंद परिवार के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौटा दी।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story