बलरामपुर : किसानों को मुफ्त मिनीकिट बीजों का वितरण, दलहन-तिलहन की खेती बढ़ाने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : किसानों को मुफ्त मिनीकिट बीजों का वितरण, दलहन-तिलहन की खेती बढ़ाने पर जोर


बलरामपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले में किसानों की आय बढ़ाने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और बदलते मौसम की चुनौतियों से निपटने के लिए कृषि विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। आज सोमवार को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जिले के विभिन्न गांवों में किसानों को निशुल्क उन्नत किस्म के मिनीकिट बीज वितरित किए गए। इस दौरान किसानों को वैज्ञानिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों की भी जानकारी दी गई।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के तहत विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम पंचायत वीरेंद्रनगर और चांदी में 77 किसानों को उन्नत किस्म के अरहर बीज निःशुल्क दिए गए। वहीं, विकासखंड बलरामपुर के ग्राम पंचायत टांगरमहरी, सरनाडीह और दहेजवार में किसानों को अरहर, मूंग और उड़द के मिनीकिट बीज वितरित किए गए। बड़ी संख्या में किसानों ने योजना का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को उन्नत बीजों के उपयोग, वैज्ञानिक खेती की आधुनिक तकनीकों, संतुलित पोषण प्रबंधन तथा दलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी।

कृषि विभाग ने बताया कि इस वर्ष एल नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुए किसानों को कम अवधि वाली धान की किस्मों के साथ दलहन और तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इससे कम वर्षा की स्थिति में भी खेती का जोखिम घटेगा, पानी का बेहतर उपयोग होगा और कृषि उत्पादन में स्थिरता बनी रहेगी। साथ ही दलहन उत्पादन बढ़ने से किसानों की आय और पोषण सुरक्षा दोनों को मजबूती मिलेगी।

अधिकारियों ने किसानों से शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर आधुनिक और वैज्ञानिक खेती अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story