हनुमान जयंती पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर का हुआ आयोजन
धमतरी, 02 अप्रैल (हि.स.)। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रोहोम्योपैथी डॉक्टर्स एसोसिएशन, शाखा जिला धमतरी के तत्वाधान में ग्राम इर्रा में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह शिविर गुरुवार को ग्राम पंचायत भवन में सुबह 11 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया। शिविर में मरीजों को निःशुल्क परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। साथ ही खून की जांच (ब्लड ग्रुप एवं हीमोग्लोबिन) भी निशुल्क की गई, जिससे ग्रामीणों को अपने स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त करने में मदद मिली। आयोजन के प्रति ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और लोगों ने इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में सरपंच सूर्यकांत साहू की अध्यक्षता रही। प्रमुख रूप से डॉ. अजय साहू, योगेश्वर साहू, यामिनी चुम्मन साहू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही गांव के पूर्व सरपंच, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल हुए और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
इस दौरान आयोजक परिवार के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया और शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों, चिकित्सकों और उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन को सफल बनाने में छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रोहोम्योपैथी डॉक्टर्स एसोसिएशन, सी.जी.आर. इलेक्ट्रोहोम्योपैथी चिकित्सा केन्द्र कोर्रा, गीता इलेक्ट्रोहोम्योपैथी चिकित्सा केन्द्र इर्रा एवं गीता मेडिकल एंड केमिस्ट शॉप का विशेष योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

