श्रमिकों के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा हेतु 3 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित
कोंडागांव, 25 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक आवासीय विद्यालयों में नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी।
जिला श्रम विभाग के अनुसार पात्र विद्यार्थी 3 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना का लाभ ऐसे निर्माण श्रमिकों के प्रथम दो बच्चों को मिलेगा, जिनका पंजीयन कम से कम एक वर्ष पूर्व का हो। कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए बच्चे की आयु 10 से 12 वर्ष के बीच होना आवश्यक है, तथा उसने पिछले शैक्षणिक वर्ष में राज्य शासन के मान्यता प्राप्त विद्यालय में नियमित अध्ययन किया हो। आवेदन के लिए निर्माण श्रमिक पंजीयन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, कक्षा 5वीं की अंकसूची एवं वर्तमान अध्ययन प्रमाण पत्र आवश्यक होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

