महतारी वंदन योजना: सीएससी केंद्रों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से निःशुल्क ई-केवाईसी की सुविधा

WhatsApp Channel Join Now
महतारी वंदन योजना: सीएससी केंद्रों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से निःशुल्क ई-केवाईसी की सुविधा


कोरबा, 18 अप्रैल। कोरबा जिले में महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का ई-केवाईसी अभियान तेजी से संचालित किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई है कि शासन के निर्देशानुसार सभी पात्र हितग्राहियों का ई-केवाईसी 30 जून 2026 तक पूर्ण किया जाना है। इसके लिए जिले के चिन्हांकित सीएससी केंद्रों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आईडी के माध्यम से यह प्रक्रिया निःशुल्क की जा रही है।

ई-केवाईसी की सुविधा के लिए सभी चॉइस/सीएससी केंद्रों में लैपटॉप और बायोमेट्रिक डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे हितग्राहियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस कार्य में लगे सीएससी-व्हीएलई को प्रत्येक पूर्ण ई-केवाईसी पर 9.84 रुपये का कमीशन सीएससी-एसपीवी कार्यालय रायपुर के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में दिया जाएगा।

प्रशासन ने हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपना आधार कार्ड और महतारी वंदन योजना पंजीयन आईडी लेकर अपने नजदीकी सीएससी केंद्र में जाकर ई-केवाईसी करवा लें। इसके लिए किसी प्रकार के प्रिंटआउट या आधार कार्ड की फोटोकॉपी जमा करने की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी हितग्राही को अपनी योजना आईडी की जानकारी नहीं है, तो वे अपने क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं।

योजना से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए हितग्राही कार्यालय के फोन नंबर 8085190563 या 7828183048 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story