30 नवंबर से शुरू होगा निशुल्क क्रिएटिव ज्वेलरी निर्माण प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
30 नवंबर से शुरू होगा निशुल्क क्रिएटिव ज्वेलरी निर्माण प्रशिक्षण


जगदलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, जगदलपुर द्वारा जिला पंचायत बस्तर के संयुक्त तत्वावधान में क्रिएटिव ज्वेलरी निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। संस्थान से जारी सूचना के अनुसार यह प्रशिक्षण 30 नवंबर से 05 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को श्रृंगार आभूषण बनाने का हुनर सिखाया जाएगा, जिससे वे प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं का रोजगार शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ सकें।

इस प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का ग्रामीण क्षेत्र का निवासी होना तथा उसकी उम्र 18 से 50 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी ने पूर्व में इस संस्थान से कोई प्रशिक्षण प्राप्त नहीं किया हो। इच्छुक युवक-युवतियों को 30 नवंबर को सुबह 09 बजे तक प्रशिक्षण संस्थान पहुंचने की व्यवस्था करने के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों से कहा गया है।

प्रशिक्षण में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, तीन पासपोर्ट साइज फोटो, ग्राम पंचायत या तहसीलदार द्वारा जारी निवास एवं जाति प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्र, पैन कार्ड (यदि उपलब्ध हो) तथा व्यक्तिगत बैंक पासबुक की दो-दो प्रतियां साथ लानी होंगी। संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नई संभावनाएं मिलेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story