स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय पम्प हाउस में छात्राओं को मिली निशुल्क साइकिल

WhatsApp Channel Join Now
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय पम्प हाउस में छात्राओं को मिली निशुल्क साइकिल


महापौर संजू देवी राजपूत ने किया वितरण, कहा— बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता सरकार की प्राथमिकता

कोरबा, 04 जुलाई (हि. स.)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय, पम्प हाउस कोरबा में शनिवार को शासन की निशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया।

कार्यक्रम में पात्र छात्राओं को निशुल्क साइकिल वितरित की गईं, जिससे वे विद्यालय आने-जाने में सुविधा के साथ नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। कार्यक्रम में छात्राओं के चेहरों पर नई साइकिल मिलने की खुशी साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर संजू देवी राजपूत रहीं। उनके साथ शाला विकास समिति के अध्यक्ष रामकिशोर यादव, पार्षद राम कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिलें प्रदान कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

विद्यालय की प्राचार्य प्रभा सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत पात्र छात्राओं को क्रमवार साइकिलों का वितरण किया गया।

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि राज्य सरकार की निःशुल्क साइकिल वितरण योजना छात्राओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और लाभकारी पहल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की अनेक छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसी योजनाएं न केवल उनकी पढ़ाई को सुगम बनाती हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना भी विकसित करती हैं। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने, अपने माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन करने तथा जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने का आह्वान किया।

महापौर ने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। शासन शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, ताकि कोई भी छात्रा संसाधनों के अभाव में अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े। आज मिली यह साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि छात्राओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है।

विद्यालय की प्राचार्य प्रभा सिंह ने शासन द्वारा संचालित इस जनकल्याणकारी योजना की सराहना करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं की विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी तथा उनकी पढ़ाई में आने वाली परिवहन संबंधी परेशानियां काफी हद तक दूर होंगी। उन्होंने सभी छात्राओं से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने तथा शिक्षा के प्रति समर्पित रहने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और सौहार्द का वातावरण बना रहा तथा छात्राओं ने शासन की इस पहल के लिए खुशी व्यक्त करते हुए इसे अपने शैक्षणिक जीवन में महत्वपूर्ण सहयोग बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story