स्वतंत्रता दिवस पर कोरबा में लगेगा निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, मधुमेह समेत कई रोगों की होगी जांच और उपचार

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता दिवस पर कोरबा में लगेगा निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, मधुमेह समेत कई रोगों की होगी जांच और उपचार


कोरबा, 11 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत अभियान के अंतर्गत “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत कोरबा में निशुल्क आयुर्वेद, एक्यूप्रेसर एवं योग चिकित्सा परामर्श व उपचार शिविर का आयोजन किया जाएगा।

आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, भारत विकास परिषद एवं आरोग्य भारती के संयुक्त तत्वावधान में यह विशेष स्वास्थ्य शिविर 15 अगस्त 2026 को पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, महानदी निहारिका रोड, कोरबा में आयोजित होगा। शिविर का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।

शिविर में मधुमेह एवं ब्लड शुगर की निशुल्क जांच के साथ महिलाओं, पुरुषों और बच्चों से संबंधित सामान्य, साध्य, कष्टसाध्य एवं असाध्य रोगों के लिए आयुर्वेद चिकित्सा, एक्यूप्रेसर, योग चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर में अनुभवी आयुर्वेद विशेषज्ञों द्वारा रोगियों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उपचार एवं आवश्यक परामर्श दिया जाएगा।

शिविर प्रभारी नेत्रनंदन साहू ने बताया कि शिविर में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से प्रशिक्षित एवं छत्तीसगढ़ की अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञा नाड़ी वैद्या डॉ. वागेश्वरी शर्मा, नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा तथा श्री शिव औषधालय के संस्थापक नाड़ीवैद्य पंडित शिव कुमार शर्मा अपनी चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करेंगे। इन चिकित्सकों को बड़ी संख्या में रोगियों की चिकित्सा का प्रत्यक्ष एवं प्रायोगिक अनुभव है।

शिविर में रोगियों को रोगों से संबंधित एक्यूप्रेसर पॉइंट की जानकारी एवं निशुल्क उपचार भी प्रदान किया जाएगा। यह सेवा पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय वेलनेस सेंटर एवं पंचकर्म चिकित्सालय की पंचकर्म व एक्यूप्रेसर थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ द्वारा दी जाएगी। इसके अलावा शिविर में आने वाले लोगों को निशुल्क औषधियां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

स्वास्थ्य जांच के अंतर्गत हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप और ब्लड शुगर की जांच निशुल्क की जाएगी। रोगियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति और रोग के अनुसार लाभकारी दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार तथा योग एवं प्राणायाम से संबंधित व्यक्तिगत परामर्श भी दिया जाएगा। शिविर में शामिल होने वाले लोगों को उपयोगी स्वास्थ्य पुस्तिका भी निशुल्क प्रदान की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य लोगों को आयुर्वेद एवं प्राकृतिक जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लिए समय पर उचित परामर्श और उपचार उपलब्ध कराना है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक आयुर्वेद चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवनशैली का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

शिविर प्रभारी नेत्रनंदन साहू ने कोरबा एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों से इस विशेष निशुल्क आयुर्वेद, एक्यूप्रेसर एवं योग चिकित्सा शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। शिविर में पंजीयन कराने तथा जांच के लिए निर्धारित समय प्राप्त करने के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है। आयोजकों ने अपील की है कि पूर्व पंजीयन कराने से शिविरार्थियों को जांच एवं परामर्श के दौरान अनावश्यक असुविधा से बचने में मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story