बीजापुर में फांसी लगाने, सर्पदंश व पीलिया सहित चार ग्रामीणाें की मौत
बीजापुर, 19 सितंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर ग्राम गुदमा के तीन व एरामंगी गांव के एक युवक की मौत हाे गई है।
पहले मामले में गुदमा के रहने वाले आरक्षक मंगू उद्दे (40), जिसकी पोस्टिंग बांगापाल (नेलसनार) थाने में रही, शुक्रवार को चिकित्सा अवकाश पर गृहग्राम गुदमा आया हुआ था। मंगू के कंधे में लगी चोट व अन्य बीमारी के कारण उसके मानसिक रूप से परेशान रहने की बात बताई जा रही है। उसने शुक्रवार काे सूने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
दूसरे मामले में जहरीले सांप ने काटने से ग्रामीण बंडे पुनेम की माैत हाे गई। तीसरे मामले में ग्रामीण अनिल वेलादी (25) की मौत पीलिया से हाे गई। चाैथे मामले में ग्राम एरामंगी निवासी जहरीले सांप ने काटने से ग्रामीण बुधु कोवासी (32) की माैत हाे गई है।
प्राप्त जानकारी अनुसार शुक्रवार काे ग्राम गुदमा में आरक्षक मंगू उद्दे (40) ने सूने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों की जानकारी के लिए पुलिस द्वारा परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इसी तरह गुदमा के दूसरे मामले में ग्रामीण बंडे पुनेम (30) काम करने आंध्र प्रदेश गया था, जहां उसे जहरीले सांप ने काट लिया। उसका आंध्र प्रदेश में ठेकेदार द्वारा इलाज कराया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर परिजन उसे बीजापुर लेकर आ गए। बीजापुर में चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक होने पर डिमरापाल अस्पताल जगदलपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी आज मौत हो गई।
इसी गुदमा गांव के तीसरे ग्रामीण अनिल वेलादी (25) की मौत पीलिया होना बताया जा रहा है। गुदमा की सरपंच नीताशाह ने बताया कि चौथे मामले में ग्रामीण बुधु कोवासी (32), जो एरामंगी गांव का रहने वाला है, उसकी भी जहरीले सांप के काटने से इलाज के दौरान मौत हुई।
गुदमा की महिला सरपंच नीता शाह ने शनिवार काे बताया कि चार मौतें होने से गांव में मातम पसरा हुआ है। उन्हाेने कहा कि इस संबंध में पुलिस व प्रशासन को खबर दी गई है। सभी शव का आज शनिवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

