फोरलेन प्रभावितों ने कलेक्टर को बताई समस्याएं सघन बस्ती में सड़क की चौड़ाई कम करने का आश्वासन, जल्द होगा सर्वे
धमतरी, 08 सितंबर (हि.स.)। अंबेडकर चौक से रुद्री तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क को लेकर प्रभावित रहवासियों की चिंता बढ़ गई है। फोरलेन की जद में आने वाले गोकुलपुर और महात्मा गांधी वार्ड के सड़क किनारे निवासरत लोगों ने कलेक्टर अविनाश मिश्रा से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
रहवासियों ने बताया कि गोकुलपुर भटगांव चौक से कर्मा चौक तक सघन बस्ती है। इस हिस्से में फोरलेन निर्माण होने पर कई मकान आधे से अधिक प्रभावित होकर टूट सकते हैं। अधिकांश परिवारों के मुखिया घर से लगी दुकानों और छोटे व्यवसाय के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में मकान और दुकान टूटने से न केवल उनका आशियाना प्रभावित होगा, बल्कि रोजगार और रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो जाएगा। रहवासियों ने स्पष्ट किया कि वे सड़क चौड़ीकरण के विरोध में नहीं हैं, बल्कि सघन बस्ती वाले हिस्से में सड़क की चौड़ाई कम कर टू-लेन रखने की मांग कर रहे हैं, ताकि विकास के साथ लोगों के घर और व्यवसाय भी सुरक्षित रह सकें।
इस संबंध में कलेक्टर अविनाश मिश्रा, एसडीएम पीयूष तिवारी और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा हुई। कलेक्टर ने रहवासियों को आश्वस्त किया कि सघन बस्ती वाले हिस्से में सड़क की चौड़ाई कम करने की संभावनाओं का परीक्षण कराया जाएगा, ताकि मकानों को कम से कम नुकसान हो। साथ ही डिवाइडर की चौड़ाई कम करने और पाथवे हटाने के विकल्प पर भी विचार किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही सर्वे टीम क्षेत्र का निरीक्षण करेगी। रहवासियों ने बताया कि आगामी दिनों में महापौर से भी मुलाकात कर अपनी मांग रखी जाएगी।
कलेक्टर से मिलने वालों में बाबूलाल यदु, विजय पुरी गोस्वामी, दीपक दुबे, राजा भोजवानी, रामकुंवर साहू, महेश कुमार नारवानी, मुकेश वर्मा, सुरेंद्र साहू, भूपेंद्र साहू, प्रशांत जाधव, चंद्रहास साहू, मनोज यदु, सुरीत राम साहू, हेमंत यादव, उत्तम साहू, रविंद्र सेन, शिव कुमार साहू, चुंकेश्वर प्रसाद नागेंद्र, पारस साहू, तरुण साहू, किशोर कुमार वाही, हातिम खान, उदार साहू, महेंद्र कुमार साहू, नरेंद्र साहू, भुनेश्वरी साहू, इंद्राणी साहू, हेमलता साहू, भारती साहू, देवश्री साहू, गणेशुराम साहू, संतोष साहू, हेमंत यादव सहित अन्य रहवासी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

