कुरुद में 11.85 करोड़ की जल आवर्धन योजना का भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
कुरुद में 11.85 करोड़ की जल आवर्धन योजना का भूमिपूजन


अगले 30 वर्षों तक पेयजल संकट से मिलेगी मुक्ति

धमतरी, 12 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के अवसर पर कुरुद नगरवासियों को बड़ी सुविधा मिली है। नगर में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 11 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से बनने वाली जल आवर्धन योजना का 12 नवंबर को रजिस्ट्री कार्यालय के समीप स्थित अटल परिसर वाटर फिल्टर प्लांट में भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुरूद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना के पूरा होने से आगामी तीन दशकों तक कुरूद नगर में पेयजल की समस्या नहीं रहेगी।

उनहोंने आगे कहा कि बड़े नहर के माध्यम से पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित होगी। योजना का लाभ चर्रा स्थित केंद्रीय विद्यालय और एग्रीकल्चर एवं हार्टिकल्चर कॉलेज को भी मिलेगा, जहां लंबे समय से जलापूर्ति की समस्या बनी हुई है। उन्होंने नगर पालिका के सत्तापक्ष और विपक्ष से दलगत भावना से ऊपर उठकर नगरहित में मिलकर काम करने की अपील की। लोकतंत्र में विपक्ष और विरोध जरूरी है, लेकिन जनप्रतिनिधियों का मूल दायित्व अपने कार्यक्षेत्र के प्रति जवाबदेह रहते हुए नगर और नागरिकों की सेवा करना है। विशिष्ट अतिथि कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने अपने संबोधन में कुरुद नगर सहित विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और शैक्षणिक संस्थाओं के निर्माण की जानकारी दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नगर पालिका परिषद कुरुद की अध्यक्ष ज्योति भानू चंद्राकर ने कहा कि जल आवर्धन योजना से राहत मिलेगी। फिल्टर प्लांट की क्षमता बढ़ने से कुरुद नगर के साथ भखारा, करेली और विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में भी निरंतर पेयजल आपूर्ति का रास्ता खुलेगा। जल संकट से जूझ रहे केंद्रीय विद्यालय और एग्रीकल्चर कालेज को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व नपं अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, रविकांत चंद्राकर, नगरपालिका उपाध्यक्ष देवव्रत साहू, एसडीएम पीयूष तिवारी, सीएमओ महेंद्र राज गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, महामंत्री प्रभात बैस, पार्षद मंजू प्रमोद साहू, मिथिलेश बैस, सितेश सिन्हा, महेंद्र गायकवाड़, राजकुमारी ध्रुव, रवि प्रकाश मानिकपुरी, कविता चंद्राकर, मनीष साहू, एल्डरमेन भानू चंद्राकर, खिलावन यादव, नंदू चंद्राकर और खिलेश्वर देवांगन सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story