एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम हमारी विविधता को एकता के सूत्र में पिरोने का सशक्त माध्यम : राज्यपाल डेका

WhatsApp Channel Join Now
एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम हमारी विविधता को एकता के सूत्र में पिरोने का सशक्त माध्यम : राज्यपाल डेका


लोकभवन में मनाया गया विभिन्न राज्यों का स्थापना दिवस

रायपुर, 28 नवम्बर (हि.स.)। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में आज शनिवार काे लोकभवन में 7 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों का स्थापना दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि यह आयोजन केवल राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उनकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और विकास यात्रा को जानने-समझने तथा आपस में जुड़ने का माध्यम है। यह आयोजन हमारी विविधता को एकता के सूत्र में पिरोने और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश देता है।

राज्यपाल ने कहा कि हमारी भाषाएं, संस्कृतियां, परंपराएं और भौगोलिक विशेषताएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन हमारी राष्ट्रीय पहचान एक है। उन्होंने देश की रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल के ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया।

छत्तीसगढ़ के संदर्भ में राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदर्शी सोच से छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ। छत्तीसगढ़ के बारे में लोग सोचते थे कि यह नक्सली राज्य है और यहां शांति नहीं है। लेकिन अब प्रदेश की पहचान बदल चुकी है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद का प्रभाव समाप्त हो गया है और प्रदेश शांति, सुरक्षा तथा विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बस्तर में बच्चे स्कूल जा रहे हैं, संस्थागत प्रसव हो रहे हैं,विकास की गतिविधियां बढ़ रही हैं और डिजिटल सुविधाएं लोगों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध संस्कृति और विशिष्ट परंपराओं वाला प्रदेश है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, धान के कटोरे के रूप में इसकी विशेषता का भी जिक्र किया।

मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने उज्जैन की धार्मिक महत्ता तथा ग्वालियर के ऐतिहासिक गुरुद्वारा , सेना में सिख, सैनिकों की वीरता तथा स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान का उल्लेख किया।

जम्मू-कश्मीर को भारत का स्वर्ग बताते हुए राज्यपाल ने वहां विकास की नई उपलब्धियों और रेल संपर्क विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर अनेक चुनौतियों से उबरकर विकास के मार्ग पर अग्रसर है। लद्दाख की प्राकृतिक सुंदरता, विशिष्ट संस्कृति और आध्यात्मिक वातावरण की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की प्रकृति और स्वच्छ हवा अद्भुत अनुभूति प्रदान करती है।

उन्होंने चंडीगढ़ की सुव्यवस्थित नगर संरचना, उत्तराखंड की देवभूमि के रूप में पहचान, चारधाम और पवित्र गंगा नदी की महत्ता तथा झारखंड की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विशेषताओं का भी उल्लेख किया।

राज्यपाल ने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता पर ध्यान देना भी आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से बचने और डिजिटल व्यसन से बाहर निकलने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मानव जीवन अनमोल है। हमें भूतकाल की स्मृतियों और भविष्य की चिंताओं में उलझने के बजाय वर्तमान का आनंद लेना चाहिए। मानसिक संतुलन बनाए रखना, सकारात्मक सोच अपनाना और जीवन को सार्थक बनाना आवश्यक है।

समारोह में राज्यों के प्रतिनिधियों ने अपने राज्यों की विशेषताओं, परंपरा, संस्कृति पर प्रकाश डाला। समारोह में विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सभी राज्यों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति दी। विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को राज्यपाल ने राजकीय गमछा और स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने भी राज्यपाल को अपने राज्य की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ.सीआर प्रसन्ना, राज्यपाल के विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, लोकभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा इन सभी राज्यों के प्रतिनिधियों के रूप में युवा, महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785057 Articles

Share this story