खेत में मजदूरों के बीच उतरे पूर्व विधायक लेखराम साहू, धान रोपाई में बंटाया हाथ

WhatsApp Channel Join Now
खेत में मजदूरों के बीच उतरे पूर्व विधायक लेखराम साहू, धान रोपाई में बंटाया हाथ


सादगी की मिसाल पेश कर कहा— हर काम सम्मान के योग्य, श्रम ही सबसे बड़ी पूजा

धमतरी, 02 अगस्त (हि.स.)। राजनीति से इतर सादगी और श्रम के प्रति सम्मान का संदेश देते हुए कुरूद के पूर्व विधायक एवं पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक लेखराम साहू अपने गृह ग्राम सिलौटी में धान रोपाई कर रहे मजदूरों के बीच पहुंचे।

खेत का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने केवल हालचाल पूछने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि खेत में उतरकर मजदूर भाइयों और बहनों के साथ धान रोपाई में भी हाथ बंटाया। अचानक पूर्व विधायक को अपने बीच काम करते देख श्रमिक भी उत्साहित हो उठे और आत्मीय माहौल में सभी ने मिलकर रोपाई का कार्य किया। इस दौरान लेखराम साहू ने मजदूरों से खेती-किसानी की स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। श्रमिकों ने बताया कि इस वर्ष अधिक वर्षा होने के कारण धान रोपाई का कार्य कुछ विलंब से शुरू हुआ, लेकिन मौसम अनुकूल रहने पर लगभग एक सप्ताह के भीतर रोपाई पूरी हो जाएगी। खेत में श्रमिकों के साथ काम करने के बाद लेखराम साहू ने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। हर श्रम का सम्मान किया जाना चाहिए और कर्म ही सबसे बड़ी पूजा है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के साथ काम करने से उनके जीवन, संघर्ष और कठिनाइयों को करीब से समझने का अवसर मिलता है तथा जमीनी हकीकत का वास्तविक अनुभव होता है। उन्होंने किसानों और खेतिहर मजदूरों को कृषि व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनके परिश्रम से ही अन्न उत्पादन संभव हो पाता है। खेत में श्रमिकों के साथ धान रोपाई करते पूर्व विधायक का यह सहज और सादगीपूर्ण अंदाज ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। ग्रामीणों ने इसे श्रम के सम्मान और आम लोगों से जुड़े रहने का सकारात्मक संदेश बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story