डाक्टरों की हड़ताल को पूर्व विधायक ने दिया समर्थन, मुख्यमंत्री को स्टाइपेंड बढ़ाने लिखा पत्र
जगदलपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने अपने सहयोगियों के साथ इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल का समर्थन करने आज गुरूवार काे धरना स्थल पहुंचे। इसके समर्थन करने के साथ ही मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री काे पत्र लिखकर स्टाइपेंड बढ़ाने की माग की है।
मेकाज स्थित शासकीय मेडिकल काॅलेज के इंटर्न डॉक्टर मंगलवार से हड़ताल पर चले गए हैं। धरने पर बैठे इन छात्रों- हड़ताली डॉक्टरों की मांग है कि इनका स्टाइपेंड बढ़ाया जाए। पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने उनकी मांग का समर्थन करते कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह व भूपेश बघेल के कार्यकाल में जो स्टाइपेंड दिया गया उसमें कोई बढ़ोतरी वर्तमान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समय में नहीं की गई है। यह इनकी मेहनत, सेवा व लगन तथा सेवा को देखते हुए इन पर अत्याचार के बराबर है। राज्य सरकार को बढ़ती मंहगाई के मद्देनजर इसे बढ़ाना चाहिए। पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने सीएम व स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग की है। धरना में जैन के साथ हेमू उपाध्याय, विजय सिंह, कुलदीप भदौरिया, निर्मल लोढ़ा, जावेद खान, जालंधर नाग व अन्य भी बैठे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

