अकलतरा में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का दौरा, विधायक राघवेंद्र सिंह के निवास पर हुई अहम मुलाकात
जांजगीर चांपा, 2 मई (हि. स.)। प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव आज शनिवार को अकलतरा प्रवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने अकलतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह के स्थानीय निवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्रीय विकास और वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान जिले के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिससे बैठक का महत्व और बढ़ गया। इस दौरान जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के विधायक व्यास कश्यप तथा जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक बालेश्वर साहू भी उपस्थित रहे।
बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों, जनसमस्याओं और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार, नेताओं के बीच आपसी समन्वय और क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।
टीएस सिंहदेव के इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इसे संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है। इस मुलाकात से क्षेत्रीय राजनीति में नई हलचल देखने को मिल सकती है, वहीं विकास कार्यों को गति देने के संकेत भी मिले हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

