पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश गौरा-गौरी पूजा में हुए शामिल, कई मुद्दों को लेकर साय सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश गौरा-गौरी पूजा में हुए शामिल, कई मुद्दों को लेकर साय सरकार को घेरा


रायपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सोमवार को आदिवासी ध्रुव गोंड समाज की पारंपरिक गौरा-गौरी पूजा में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हुए परंपरा के अनुसार हाथ पर सोटा लगवाया। धार्मिक आयोजन में आस्था जताने के बाद भूपेश ने मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर राजनीतिक हमला बोला।

गौरा-गौरी पूजा में शामिल होने के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में किसानों के सामने कई समस्याएं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नहीं चाहती कि प्रदेश में ठीक से धान खरीद हो। भूपेश ने कहा कि कई सोसायटियों में किसानों के खेतों का रकबा कम किया जा रहा है। इससे किसान अपनी पूरी उपज समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पाएंगे। उन्होंने अपने गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि कोटवार ने किसानों की सूची दिखाई थी, जिसमें रकबा काटे जाने की जानकारी सामने आई। बघेल ने आशंका जताई कि ऐसी स्थिति दूसरे गांवों में भी हो सकती है।

धान के दाम पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 2500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद शुरू की थी, जो 2023 तक बढ़कर 2850 रुपये हो गई थी। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 9 हजार रुपये दिए जाते थे। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन साल में समर्थन मूल्य में हुई 285 रुपये की बढ़ोतरी को जोड़ने पर इस साल कांग्रेस की सरकार होती तो किसानों को 3385 रुपये प्रति क्विंटल मिलते।

भूपेश ने धान खरीद की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पटवारी हड़ताल पर हैं और सोसायटियों में भी खरीद की तैयारी नजर नहीं आ रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साल खरीदे गए धान से तैयार चावल में से भारतीय खाद्य निगम में अब तक केवल 25 प्रतिशत चावल जमा हुआ है, जबकि 75 प्रतिशत जमा होना बाकी है। वहीं महादेव सट्टा एप मामले में प्रोटेक्शन मनी लेने के आरोपों को भूपेश ने मूर्खता की पराकाष्ठा बताया।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने ही महादेव सट्टा एप के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी और कार्रवाई की थी। भूपेश ने सवाल उठाया कि भाजपा सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद भी सट्टे का कारोबार क्यों जारी है और नए-नए ऐप क्यों सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रोटेक्शन मनी लेने की बात है तो यह सवाल मौजूदा सरकार से पूछा जाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story