जांजगीर-चांपा के ग्राम पाली में महिला कमांडो टीम का गठन, एसपी ने वीडियो कॉल से किया सीधा संवाद

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा के ग्राम पाली में महिला कमांडो टीम का गठन, एसपी ने वीडियो कॉल से किया सीधा संवाद


जांजगीर-चांपा, 16 अगस्त (हि. स.)। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने आज रविवार को ग्राम पाली में महिला कमांडो टीम का गठन किया है। सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे की पहल पर चौकी नैला प्रभारी रंजीत सिंह कंवर के सहयोग से महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। इस दौरान साइबर जागृति अभियान के तहत ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी ग्रामीणों को सरल भाषा में दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

ग्राम पाली में गठित महिला कमांडो टीम में गांव की सक्रिय महिलाओं को शामिल किया गया है। टीम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना, गांव में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाना और पुलिस तथा ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। महिला कमांडो गांव में सुरक्षा और जागरूकता की मजबूत कड़ी के रूप में काम करेंगी।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने वीडियो कॉल के माध्यम से महिला कमांडो टीम और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने महिला कमांडो का उत्साहवर्धन करते हुए महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। एसपी ने कहा कि महिलाएं अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और किसी भी परेशानी या घटना की जानकारी बिना संकोच पुलिस तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और संदिग्ध गतिविधियों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों तथा नए आपराधिक कानूनों के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। नाबालिग बच्चों को अपराध और गलत गतिविधियों से दूर रहने के लिए समझाया गया।

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना, दुर्घटना, महिला या बालक से संबंधित समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित थाना या चौकी को सूचित करें। पुलिस के अनुसार समय पर सूचना मिलने से संभावित अपराध और दुर्घटनाओं को रोकने में प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है।

जांजगीर-चांपा पुलिस की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के साथ महिला सुरक्षा, बाल सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story