अवैध परिवहन पर वन विभाग की कार्रवाई, चिरान काष्ठ से लदा बोलेरो जब्त

WhatsApp Channel Join Now
अवैध परिवहन पर वन विभाग की कार्रवाई, चिरान काष्ठ से लदा बोलेरो जब्त


कुमेली वाटर फॉल के पास संदिग्ध हालत में खड़ा मिला वाहन, खम्हार प्रजाति का दो नग चिरान काष्ठ बरामद

सूरजपुर, 18 सितंबर (हि.स.)।सूरजपुर जिले में वन संपदा की अवैध कटाई और परिवहन पर रोक लगाने वन विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज शुक्रवार को रामानुजनगर वन परिक्षेत्र के परशुरामपुर उपपरिक्षेत्र में वनकर्मियों ने दो नग चिरान काष्ठ के साथ एक बोलेरो वाहन जब्त किया है।

वन विभाग के अनुसार परशुरामपुर परिसर के वनभूमि कक्ष क्रमांक 1824, कुमेली वाटर फॉल क्षेत्र में वनकर्मी नियमित भ्रमण पर थे। इसी दौरान पिकनिक स्पॉट के पास काले रंग का बोलेरो वाहन खड़ा मिला। वाहन की खिड़कियों पर काली फिल्म लगी थी। संदेह के आधार पर वनकर्मियों ने चालक को बुलाकर वाहन की जांच की।

जांच के दौरान वाहन में चालक के बैठने के लिए केवल आगे की सीट पाई गई, जबकि अन्य सीटें नहीं थीं। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें खम्हार प्रजाति का दो नग चिरान काष्ठ लदा मिला। चालक से काष्ठ के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद वन विभाग ने काष्ठ को जब्त कर भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया और वाहन को भी जब्त कर लिया। कार्रवाई वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल के निर्देशन और रामानुजनगर वन परिक्षेत्राधिकारी के निर्देश पर की गई।

कार्रवाई में उपवनक्षेत्रपाल के.आर. टोप्पो, वनपाल मनरंजन सिंह, वनरक्षक प्रदीप सिंह, वनरक्षक रविशंकर सिंह और वन सुरक्षा श्रमिकों की प्रमुख भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story