वन मंत्री ने किया 25 लाख की ईनामी बस्तर हेरिटेज मैराथन के लोगो का अनावरण

WhatsApp Channel Join Now
वन मंत्री ने किया 25 लाख की ईनामी बस्तर हेरिटेज मैराथन के लोगो का अनावरण


जगदलपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। बस्तर में खेल एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली 25 लाख की ईनामी बस्तर हेरिटेज मैराथन का आयोजन आगामी 22 मार्च को किया जाएगा। चित्रकोट महोत्सव के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ने मैराथन के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया। वन मंत्री कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि पहली बार बस्तर हेरिटेज मैराथन का आयोजन किया जा रहा है, यह केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं में फिटनेस, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवन शैली को प्रोत्साहित करने की पहल है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी का आह्वान किया।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने आज शुक्रवार काे वीडियो के माध्यम से बताया कि आयोजन 22 मार्च को किया जाएगा, जिसमें 5 किमी , 10 किमी , 21 किमी और 42 किमी की दौड़ प्रतियोगिता होगी । प्रतियोगिता चित्रकोट जलप्रपात से प्रारंभ होकर कुरुषपाल तक 21 किमी जाकर वापस चित्रकोट में समाप्त होगी । पांच किलोमीटर की दौड़ चित्रकोट से मारडूम चौक तक, दस किमी की दौड़ एसटीएफ कैम्प से वापस चित्रकोट तक होगी। इस अवसर बस्तर सांसद महेश कश्यप,चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story