बीजापुर में वन मंत्री केदार कश्यप ने किया ‘नेचर फिट क्लब’ जिम का किया शुभारंभ
बीजापुर, 29 नवंबर (हि.स.)। जिले में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वस्थ, ऊर्जावान और शारीरिक रूप से अधिक सक्षम बनाने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने रविवार को बीजापुर स्थित बांसागर डिपो परिसर में ‘नेचर फिट क्लब–जिम एवं फिटनेस सेंटर’ का शुभारंभ किया। मंत्री ने फीता काटकर फिटनेस सेंटर का लोकार्पण किया और वहां उपलब्ध आधुनिक व्यायाम उपकरणों एवं सुविधाओं का निरीक्षण किया।
शुभारंभ कार्यक्रम में बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप , वनमंडलाधिकारी (सामान्य) बीजापुर सागर रामचंद्र जाधव, पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार गुप्ता तथा इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उप संचालक सुमेध संजय सुरवणे उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही बेहतर कार्यक्षमता एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार हैं। आज की व्यस्त दिनचर्या में शारीरिक गतिविधियों और नियमित व्यायाम का विशेष महत्व है। नियमित व्यायाम से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक तनाव कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी मदद मिलती है। उन्होंने इस फिटनेस सेंटर की स्थापना को सराहनीय पहल बताते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
बांसागर डिपो परिसर में शुरू किए गए ‘नेचर फिट क्लब’ में आधुनिक जिम उपकरणों, व्यायाम मशीनों और अन्य फिटनेस सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इस केंद्र का उद्देश्य वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल के आसपास ही व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
वन विभाग के कर्मचारी अक्सर जंगलों, दुर्गम क्षेत्रों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके लिए शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से मजबूत रहना बेहद जरूरी है। वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा, जंगलों की निगरानी तथा विभागीय दायित्वों के प्रभावी निर्वहन के लिए शारीरिक क्षमता और मानसिक एकाग्रता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया यह फिटनेस सेंटर विभागीय अमले के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में उपयोगी साबित हो सकता है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फिटनेस सेंटर की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की और नियमित व्यायाम के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

