बलरामपुर : वनभूमि में पेड़ों की कटाई पर प्रशासन सख्त, संयुक्त टीम ने शुरू किया जमीन का चिन्हांकन
बलरामपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज फॉरेस्ट रेंज अंतर्गत ग्राम गम्हरिया के रोजवादामर में 100 एकड़ से अधिक वनभूमि में हजारों पेड़ों की कटाई के मामले में वन विभाग एक्शन में आ गया है। बुधवार को वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में वनभूमि का चिन्हांकन शुरू किया। वन विभाग के अनुसार वनभूमि पर किए गए अवैध कब्जे को जल्द ही अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
रोजवादामर क्षेत्र में वन विभाग द्वारा कराए गए प्लांटेशन के सैकड़ों पेड़ काटे जाने की जानकारी सामने आई थी। ग्रामीणों ने दावा किया था कि पिछले करीब 15 से 20 दिनों से क्षेत्र में लगातार पेड़ों की कटाई की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार 100 एकड़ से अधिक वनभूमि में हजारों पेड़ काटे जा चुके हैं। कटे हुए पेड़ों में आंवला, बहेरा, हर्रा सहित अन्य औषधीय और फलदार प्रजातियों के पौधे भी शामिल होने की बात कही गई थी।
मामले में वनभूमि पर कथित कब्जे की तैयारी के आरोप भी सामने आए थे। ग्रामीणों ने बताया था कि क्षेत्र में जगह-जगह मचान बनाए गए हैं और वनभूमि को अलग-अलग हिस्सों में बांटने की तैयारी की जा रही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
अब मामले में वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन का चिन्हांकन शुरू किया है। वन विभाग के अनुसार चिन्हांकन के बाद यह स्पष्ट किया जाएगा कि कौन सा क्षेत्र वनभूमि है और किन स्थानों पर अतिक्रमण किया गया है। इसके बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले मामले को लेकर ग्राम गम्हरिया में ग्रामीणों और वन प्रबंधन समिति के सदस्यों की बैठक भी हुई थी। बैठक में वनभूमि पर पेड़ों की कटाई और कथित कब्जे का मुद्दा उठाया गया था। ग्रामीणों की ओर से वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जाकिर अंसारी को लेकर भी आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
रामानुजगंज रेंजर डॉक्टर दिलरुबा ए बानो ने बताया था कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। वनभूमि पर किए गए अवैध निर्माण की संयुक्त टीम से जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पेड़ों की कटाई और वनभूमि पर कब्जे से जुड़े मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम के मौके पर पहुंचने के बाद अब रोजवादामर क्षेत्र में वनभूमि के चिन्हांकन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ेगी। वन विभाग के अनुसार वनभूमि को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

