भखारा में पहली बार राज्य स्तरीय स्काउट-गाइड बेसिक प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, 99 प्रशिक्षणार्थियों ने लिया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
भखारा में पहली बार राज्य स्तरीय स्काउट-गाइड बेसिक प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, 99 प्रशिक्षणार्थियों ने लिया प्रशिक्षण


भखारा में पहली बार राज्य स्तरीय स्काउट-गाइड बेसिक प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, 99 प्रशिक्षणार्थियों ने लिया प्रशिक्षण


भखारा में पहली बार राज्य स्तरीय स्काउट-गाइड बेसिक प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न, 99 प्रशिक्षणार्थियों ने लिया प्रशिक्षण


धमतरी, 30 जुलाई (हि.स.)। धमतरी जिले के भखारा स्थित अंबेडकर मांगलिक भवन में पहली बार आयोजित सात दिवसीय राज्य स्तरीय बेसिक स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन एवं रोवर-रेंजर लीडर प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को सफल समापन हुआ।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य अध्यक्ष एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा के निर्देशन तथा राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) पूनम सिंह साहू एवं राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) सरिता पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 99 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।

समापन की पूर्व संध्या पर आयोजित भव्य ग्रेट कैम्प फायर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद साहू ने की। इस अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त चेतन हिंदूजा, उपाध्यक्ष कृष्णाराम साहू, गजानन साहू, जिला मुख्यालय आयुक्त नंदकिशोर साहू, एबीईओ धर्मेंद्र साहू, पूर्व अध्यक्ष दीपेंद्र साहू, पार्षद ठुमेंद्र कुमार गंगबेल, जिला सचिव सोहनलाल साहू, बीआरसीसी कुरूद कुलेश्वर सिन्हा, रोवर लीडर कमलेश साहू सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिविर ज्वाला प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

शिविर संचालक इनूराम वर्मा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि 24 से 30 जुलाई तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में धमतरी जिले के चारों विकासखंडों के अलावा दंतेवाड़ा, कोंडागांव, गरियाबंद, बलौदाबाजार, दुर्ग और राजनांदगांव सहित विभिन्न जिलों से 31 स्काउट, 36 गाइड तथा 32 रोवर-रेंजर सहित कुल 99 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना, झंडा गीत, राष्ट्रीय गान, स्काउट-गाइड चिन्ह, सेल्यूट, बाएं हाथ से अभिवादन, बीपी सिक्स, गांठें, ध्वज ज्ञान, अनुमान लगाना, सिग्नल, प्राथमिक उपचार और हाइक जैसी गतिविधियों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। राज्य प्रशिक्षण आयुक्त पूनम सिंह साहू ने ओवायएमएस पंजीयन की विस्तृत जानकारी भी दी। प्रशिक्षणार्थी गाइड कैप्टन शिल्पा मानिकपुरी एवं रोवर लीडर सोमेश गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और स्काउटिंग गतिविधियों के संचालन के लिए नई ऊर्जा मिली है।

मुख्य अतिथि इंदरजीत सिंह खालसा ने कहा कि विद्यालयों में स्काउट-गाइड दल के प्रभावी संचालन के लिए बेसिक प्रशिक्षण आवश्यक है तथा प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें बेहतर नागरिक बनाने में किया जाना चाहिए। जिला मुख्य आयुक्त चेतन हिंदूजा ने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्काउट-गाइड संस्था विद्यार्थियों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जिला अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद साहू ने वैश्विक संगठन से जुड़ने के अवसर को सौभाग्य बताते हुए जिले में राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया। गजानन साहू ने गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक बच्चों को स्काउट-गाइड से जोड़ने का आह्वान किया। इस दौरान जिला संघ ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। शिविर ज्वाला कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों ने लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। रोवर विभाग ने प्राथमिक उपचार एवं घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने का व्यवहारिक प्रदर्शन भी किया।

प्रशिक्षण का समापन सर्वधर्म प्रार्थना सभा, ओपन सेशन, शंकाओं के समाधान तथा प्रमाण-पत्र वितरण के साथ हुआ। शिविर के सफल आयोजन में शिविर संचालक इनूराम वर्मा, सहायक संचालक जे. रामकरण साहू सहित सभी प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन टिकेश्वर पाण्डेय एवं दीपमाला साहू ने किया तथा आभार नेमलाल गंगेले ने व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story