नारायणपुर में निकाली गई पदयात्रा, जनता की आस्था ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : केदार कश्यप

WhatsApp Channel Join Now
नारायणपुर में निकाली गई पदयात्रा, जनता की आस्था ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : केदार कश्यप


नारायणपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। लोकतंत्र के प्रति जनविश्वास और संवैधानिक मूल्यों के समर्थन का संदेश लेकर आज बुधवार को नारायणपुर में भारतीय जनता पार्टी के कैबिनेट मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप के नेतृत्व में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशाल जनसभा और पदयात्रा आयोजित की गई।

साप्ताहिक बाजार स्थित डोम में आयोजित सभा के बाद हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक हाथों में भाजपा के झंडे तथा लोकतंत्र के संदेश वाली तख्तियां लेकर नगर के प्रमुख मार्गों पर निकले। पदयात्रा के दौरान डीजे की धुन पर ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ गीत गूंजता रहा। पदयात्रा का समापन जिला भाजपा कार्यालय में हुआ।

इससे पूर्व सभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने कहा कि अबूझमाड़ और नारायणपुर की पहचान शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास की रही है। यहां की जनता का लोकतंत्र के प्रति विश्वास अटूट है। अबूझमाड़ का विश्वास लोकतंत्र के साथ है और यही विश्वास हमारी सामाजिक एकता तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति आस्था का प्रतीक है। लोकतंत्र केवल शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकार, सम्मान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का आधार है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के विश्वास और उसकी सक्रिय भागीदारी में निहित है। राजनीतिक मतभेद लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी पहलों एवं विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनभागीदारी और जनता का विश्वास सर्वोपरि है। उन्होंने कांग्रेस एवं विपक्षी दलों की भूमिका और एसआईआर को लेकर उठाए जा रहे विरोध के संदर्भ में भी अपनी बात रखी।

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं बस्तर संभाग प्रभारी यशवंत जैन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों की भागीदारी और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान से सुनिश्चित होती है। लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और जनभागीदारी से संचालित होने वाली व्यवस्था है।

भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के प्रति प्रतिबद्ध है। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पदयात्रा संयोजक नारायण मरकाम ने अभियान के उद्देश्य को जनजागरण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनभागीदारी से जोड़ा।

सभा के पश्चात डोम से निकली पदयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में झंडे और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं की भागीदारी के बीच पूरे मार्ग में लोकतंत्र से जुड़े संदेश और नारे सुनाई दिए। डीजे पर बजते ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ गीत के बीच पदयात्रा जिला भाजपा कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।

इस दाैरान जिला संगठन प्रभारी सुधीर पांडेय, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, बृजमोहन देवांगन, गौतम गोलछा, रमशीला नाग, संदीप कुमार झा, पंकज जैन, संतनाथ उसेंडी, प्रताप मंडावी, पिंकी उसेंडी, नरेश कोर्राम, जयप्रकाश शर्मा, प्रेमनाथ उसेंडी, प्रशांत सिंह, मंगदूराम नूरेटी, चैतराम कुमेटी, संगीता जैन, नानू नाग, कमल कोर्राम, लक्ष्मण साहू, मोती वड्डे, कमलजीत सिंह आहुजा, प्रभुलाल दुग्गा, जगन्नाथ यादव, सुकमन कचलाम,सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी एवं मातृशक्ति सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772505 Articles

Share this story