मिठाई दुकानों में खाद्य विभाग की दबिश, 11 किलो मिठाई मौके पर नष्ट

WhatsApp Channel Join Now
मिठाई दुकानों में खाद्य विभाग की दबिश, 11 किलो मिठाई मौके पर नष्ट


धमतरी, 26 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में सात दिवसीय बने खाबो, बने रहिबो 2.0 अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मिठाई दुकानों, थोक निर्माताओं और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीम ने खोवा और बेसन से बनी मिठाइयों समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। वहीं अमानक और संदिग्ध मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

अभियान के दौरान गोपी डेयरी धमतरी से बेसन, पतिशा और कुंदा तथा हेमंत किराना स्टोर्स बूढ़ेना से बेसन का नमूना लिया गया है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं जनार्दन 2 और पीएम मार्केटिंग फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर एडीएम कोर्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अलावा बालाजी केटरिंग सर्विस कुंडेल, श्री सिद्धि विनायक जनरल स्टोर्स बिरझुली मगरलोड, श्री कृष्णा होटल संबलपुर, श्री श्याम डेयरी धमतरी और यामेंद्र ट्रेडिंग सहित अन्य फर्मों के संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए। खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान हिंदूजा रेस्टोरेंट में पांच किलो रसगुल्ला और छह किलो काजू कतली सहित कुल 11 किलो मिठाई को अमानक एवं संदिग्ध मानते हुए मौके पर नष्ट कराया गया। यहां से काजू कतली, मसूर पाक और नमकीन के नमूने भी जांच के लिए लिया गया है।

अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार यादव एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी फनेश्वर पिथौरा ने डीसीएच अस्पताल के कन्या छात्रावास की कैंटीन का निरीक्षण किया। यहां खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई गई। कर्मचारियों के मेडिकल दस्तावेज भी नहीं मिले। कड़ही सब्जी का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के बाद मेस संचालक को सुधार के लिए नोटिस दिया गया है। समय-सीमा में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी।

सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि खाद्य कारोबारियों को वर्षा ऋतु में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, खुले में खाद्य सामग्री न रखने, गुणवत्तापूर्ण कच्ची सामग्री का उपयोग करने एवं भोजन बनाते समय टोपी और दस्ताने पहनने के निर्देश दिए हैं। प्रतिष्ठानों में स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया है। विभाग ने नागरिकों से लाइसेंसी या पंजीकृत कारोबारियों से ही खाद्य सामग्री खरीदने की अपील की है। मिठाई खरीदते समय पैकिंग, निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करने तथा खुले में रखी या संदिग्ध गुणवत्ता वाली सामग्री खरीदने से बचने की सलाह दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story