एक्सपायरी सामान ढूंढने निकला खाद्य एवं औषधि विभाग

WhatsApp Channel Join Now
एक्सपायरी सामान ढूंढने निकला खाद्य एवं औषधि विभाग


एक्सपायरी सामान ढूंढने निकला खाद्य एवं औषधि विभाग


एक्सपायरी सामान ढूंढने निकला खाद्य एवं औषधि विभाग


धमतरी, 28 अप्रैल (हि.स.)। जिले में लंबे समय से एक्सपायरी सामान बिकता रहा और लोगों की सेहत से खिलवाड़ होता रहा, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब जाकर जागा है। सही दवा, शुद्ध आहार अभियान के पहले ही दिन जांच में बड़ी लापरवाही उजागर हुई। स्ट्रीट फूड में संदिग्ध रंगों का इस्तेमाल और कास्मेटिक दुकानों में एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा 27 अप्रैल से शुरू किए गए 15 दिवसीय विशेष अभियान के तहत पहले ही दिन जिलेभर में सघन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान स्ट्रीट फूड वेंडर्स से लेकर कास्मेटिक दुकानों तक व्यापक निरीक्षण किया गया। जिसमें कई जगहों पर नियमों की अनदेखी और लापरवाही खुलकर सामने आई। आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक कुमार अग्रवाल और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर अभियान के सुचारु क्रियान्वयन के लिए खाद्य एवं औषधि विभाग की दो अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। अभिहित एवं नोडल अधिकारी सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि पहले दिन चाट, गुपचुप सेंटर सहित स्ट्रीट फूड वेंडर्स की जांच पर फोकस रखा गया। इसी क्रम में कुरुद, छाती, संबलपुर और धमतरी में कार्रवाई करते हुए 36 वेंडर्स का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मैंगो शेक और गन्ना रस में अखाद्य रंग के संदेह पर नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब पहले ही दिन इतनी बड़ी संख्या में गड़बड़ियां सामने आ गई। तो अब तक विभागीय निगरानी क्यों नहीं हो रही थी। आम लोगों की सेहत से जुड़े इन मामलों में लापरवाही लंबे समय से जारी होने की आशंका ने चिंता बढ़ा दी है।

जांच के दौरान कृष्णा पावभाजी एवं पुलाव सेंटर कुरुद, इतवारी होटल कुरुद, कुरुद मुंगोड़ी सेंटर, हरियाणा स्पेशल जलेबी छाती, हार्दिक होटल संबलपुर, बाबू जलपान संबलपुर एवं फेमस आलू गुंडा धमतरी द्वारा खाद्य पदार्थों के रख-रखाव एवं परोसने में अखबारी कागज का उपयोग पाया गया। टीम ने दुकानदारों को इसके दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए सुरक्षित विकल्प अपनाने के निर्देश दिए और दोबारा उपयोग न करने की चेतावनी दी।

जांच के दौरान अंशु मैंगो शेक कुरुद, महादेव चाट भंडार छाती और पंकज चाट सेंटर धमतरी में अखाद्य जलेबी रंग का उपयोग पाया गया। इस पर संबंधित रंग और खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया और भविष्य में इसका उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए। पहले दिन की कार्रवाई में अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी फनेश्वर पिथौरा, नायब तहसीलदार छत्रपाल चंद्राकर और थाना कुरुद का पुलिस बल मौजूद रहा।

इस अभियान के अंतर्गत औषधि विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 13 कास्मेटिक दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उत्पादों की गुणवत्ता, लाइसेंस, भंडारण व्यवस्था, लेबलिंग, एक्सपायरी तिथि एवं विक्रय अभिलेखों की जांच की गई। कार्रवाई में एक कास्मेटिक उत्पाद का नमूना लेकर राज्य प्रयोगशाला भेजा गया वहीं एक्सपायर्ड सामग्री मिलने पर उसे तत्काल बिक्री से हटवाया गया। विक्रेताओं को नियमानुसार उत्पाद बेचने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सहायक औषधि नियंत्रक एवं अनुज्ञापन प्राधिकारी संजय राजपूत, औषधि निरीक्षक सुमित देवांगन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से अपील की कि वे केवल वैध दुकानों से ही खाद्य व कास्मेटिक सामग्री खरीदें और बिल अवश्य लें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story