जीविका पर फोकस: टीएल बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश, शिकायतों के त्वरित समाधान और सड़कों की मरम्मत पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
जीविका पर फोकस: टीएल बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश, शिकायतों के त्वरित समाधान और सड़कों की मरम्मत पर जोर


धमतरी, 03 अगस्त (हि.स.)।धमतरी जिले में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर सोमवार को गंगरेल विश्राम गृह में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक पूरी तरह आजीविका संवर्धन पर केंद्रित रही। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, नवाचारों और सफल हितग्राहियों के मॉडल की समीक्षा करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य केवल लाभ वितरण नहीं, बल्कि लोगों की आय बढ़ाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्होंने विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और सफल मॉडलों को जिले के अन्य क्षेत्रों में भी लागू करने के निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्व-सहायता समूह, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, उद्योग, कौशल विकास, महिला एवं बाल विकास, खादी ग्रामोद्योग, बैंकिंग, श्रम, समाज कल्याण, अंत्यावसायी तथा आदिम जाति विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को केवल आंकड़े प्रस्तुत करने के बजाय सफल हितग्राहियों की प्रेरक कहानियां और नवाचारों का दस्तावेजीकरण कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन तथा अन्य शिकायत पोर्टलों के लंबित प्रकरणों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर दिया गया। सुशासन शिविरों के लंबित आवेदनों का शीघ्र निपटारा करने, किसानों के लिए पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियाओं की तत्काल मरम्मत के निर्देश भी दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story