किसानों की आय बढ़ाने कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
किसानों की आय बढ़ाने कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा


धमतरी, 13 जून (हि.स.)। जिला पंचायत सभागार में शनिवार काे आयोजित कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक में खरीफ सीजन की तैयारियों, किसानों की आय वृद्धि तथा विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर व्यापक चर्चा की गई। छत्तीसगढ़ राज्य कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश कुमार चन्द्रवंशी की अध्यक्षता में बैठक हुई।

बैठक में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्यपालन, सहकारिता एवं सिंचाई विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में खरीफ सीजन के लिए खाद, बीज एवं कीटनाशकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं किसान क्रेडिट कार्ड के तहत पात्र किसानों को शीघ्र लाभान्वित करने और समय पर ऋण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

किसानों की आय में वृद्धि के लिए उद्यानिकी फसलों, डेयरी, बकरीपालन एवं मत्स्यपालन जैसी सहायक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई गई, ताकि कृषि के साथ अतिरिक्त आय के अवसर भी विकसित हो सकें। बैठक में मैदानी अमले को नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता, बैंकिंग एवं विपणन विभागों के अधिकारी, भारतीय किसान संघ एवं किसान मोर्चा के पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story