बाढ़ और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में रायपुर पुलिस की निगरानी, राहत-बचाव कार्य जारी

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में रायपुर पुलिस की निगरानी, राहत-बचाव कार्य जारी


रायपुर, 27 सितंबर (हि. स.)। लगातार हो रही बारिश के कारण रायपुर में बाढ़ और जलभराव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है।

एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमों के समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।

इसी क्रम में कलेक्टर रायपुर गौरव सिंह और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुड़िया ने नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने चन्दनडीह के शीतलापारा, रेती खोली और श्रीलंका पारा समेत जलभराव प्रभावित बस्तियों का जायजा लिया। इस दौरान प्रभावित नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया। बाढ़ पीड़ितों के लिए बनाए गए अस्थायी आश्रय स्थलों में भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।

जलभराव वाले क्षेत्रों में फंसे लोगों की पहचान और स्थिति का आकलन करने के लिए ड्रोन कैमरे से निगरानी एवं सर्वे करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन और पुलिस की टीमों को जल निकासी, राहत सामग्री के त्वरित वितरण तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद अधिकारियों ने डीपरापारा, सरोना स्थित प्राथमिक शाला में संचालित राहत शिविर का निरीक्षण किया। यहां रह रहे प्रभावित लोगों से मुलाकात कर शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

महादेव घाट पर विसर्जन व्यवस्था का निरीक्षण

आगामी गणेश विसर्जन को देखते हुए अधिकारियों ने महादेव घाट विसर्जन कुंड और महादेव घाट पुल का भी निरीक्षण किया। वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से नदी-नालों, उफनते पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। लोगों से जलमग्न मार्ग या पुल पार करने का प्रयास नहीं करने तथा बच्चों को जलभराव वाले स्थानों पर नहीं जाने देने को कहा गया है।

पुलिस ने गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित विसर्जन कुंड में करने और नदी में उतरने से बचने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर सूचना देने तथा अफवाहों पर ध्यान न देकर प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

जिला प्रशासन, नगर निगम और रायपुर पुलिस द्वारा बाढ़ प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए राहत और बचाव गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story