बाढ़ बचाव की तैयारियों को लेकर टेबल टॉप बैठक, 20 अगस्त को बड़ा रघुनाथनगर जलाशय में होगी मॉक ड्रिल

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ बचाव की तैयारियों को लेकर टेबल टॉप बैठक, 20 अगस्त को बड़ा रघुनाथनगर जलाशय में होगी मॉक ड्रिल


बलरामपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर मंगलवार को टेबल टॉप बैठक आयोजित की गई। प्रदेशभर में 20 अगस्त को होने वाली बाढ़ बचाव मॉक ड्रिल से पहले आयोजित इस बैठक में राहत और बचाव कार्यों की रणनीति, विभागीय समन्वय और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई।

संयुक्त जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया, डिप्टी कलेक्टर प्रज्ञा नायक सहित छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश एसडीआरएफ की टीम, नगर सेना, राजस्व एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

बैठक में बाढ़ और जलभराव जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए आपदा से पहले, आपदा के दौरान और आपदा के बाद किए जाने वाले कार्यों की तैयारियों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि आपदा की स्थिति में सभी विभागों को आपसी समन्वय और सहयोग के साथ काम करना जरूरी है, ताकि राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित किए जा सकें।

टेबल टॉप बैठक के दौरान संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का पूर्व चिन्हांकन करने पर चर्चा की गई। बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और अस्थायी आश्रय स्थल तैयार करने की व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श हुआ।इसके अलावा राहत शिविरों में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था, गोताखोरों की उपलब्धता, जल पुलिस, बोट और राफ्ट की व्यवस्था तथा राहत शिविरों के संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों ने अपनी तैयारियों की समीक्षा की।

बाढ़ बचाव की तैयारियों को परखने के लिए 20 अगस्त को जिले में परिदृश्य आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। विकासखंड रामचन्द्रपुर अंतर्गत बड़ा रघुनाथनगर जलाशय को इसके लिए निर्धारित किया गया है।

मॉक ड्रिल के दौरान राहत एवं बचाव दल बाढ़ जैसी आपात स्थिति का कृत्रिम परिदृश्य तैयार कर विभिन्न आपात सेवाओं के संचालन और समन्वय का अभ्यास करेंगे। इसका उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी तथा त्वरित बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story