दस यात्री बसों में मिली खामियां, आग लगी तो बुझाने अग्निशमन यंत्र नहीं
धमतरी, 28 अप्रैल (हि.स.)। यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने 28 अप्रैल को शहर के बस स्टैंड धमतरी में यात्री बसों की संयुक्त जांच की। जांच में 10 यात्री बसों में कई खामियां मिली, तो संचालकों को वाहनों में व्यवस्था दुरूस्त करने की सख्त चेतावनी दी है। यह जांच यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर की गई। जांच के दौरान बसों में फर्स्ट एड बाक्स, अग्निशमन यंत्र व इमरजेंसी एग्जिट की जांच की गई।
यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त टीम बस स्टैंड पहुंची। यहां अभियान चलाते हुए यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं बस संचालकों द्वारा शासन के निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी जांच की गई। जांच के दौरान टीम के अधिकारी-कर्मचारी बसों में उपलब्ध अनिवार्य सुरक्षा उपकरण जैसे फर्स्ट एड बाक्स, अग्निशमन यंत्र एवं आपातकालीन निकास की बारीकी से जांच की गई। साथ ही इन उपकरणों की उपयोगिता, वैधता एवं कार्यशील स्थिति का भी परीक्षण किया गया, ताकि आपात स्थिति में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम का सामना न करना पड़े।
अभियान के तहत करीब 35 से 40 बसों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 10 बसों में कई प्रकार की गंभीर कमियां पाई गईं है, जो उचित नहीं है। यात्रियों के सुरक्षा की अनदेखी है। इनमें विशेष रूप से फर्स्ट एड बाक्स का अभाव, अग्निशमन यंत्र का अनुपस्थित या अनुपयोगी होना पाया गया। आपातकालीन निकास की उचित व्यवस्था का अभाव शामिल रहा। उक्त कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए कुल 5100 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
परिवहन विभाग द्वारा 10 वाहनों में फर्स्ट एड बाक्स नहीं पाए जाने पर अलग से चालानी कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई। अभियान के दौरान बस संचालकों एवं ड्राइवरों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहनों में सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध एवं क्रियाशील स्थिति में रखें। साथ ही उन्हें यह भी अवगत कराया गया कि नियमों की अनदेखी पाए जाने पर भविष्य में और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रकार के सघन जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, जिससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

