अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना में श्रमिकों परिवार के पांच प्रतिभावान बच्चों का हुआ चयन

WhatsApp Channel Join Now
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना में श्रमिकों परिवार के पांच प्रतिभावान बच्चों का हुआ चयन


सुकमा, 17 अगस्त (हि.स.)। जिले के श्रमिकों परिवार केपांच प्रतिभावान बच्चों का वर्ष 2025-26 के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के अंतर्गत मेरिट के आधार पर चयन हुआ है। चयनित छात्र साेमवार को कलेक्टर अमित कुमार से मुलाकात करने पहुंचे। कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने बच्चों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढने के लिए प्रेरित किया। चयनित विद्यार्थियों में ग्राम बुडदी, तहसील सुकमा की कु. करुणा बघेल, गांधी नगर सुकमा के सिद्धार्थ दास, ग्राम हमीरगढ़ के प्रमोद नाग, गांधी नगर सुकमा के अमन दास तथा ग्राम पाकेला की कु. सुष्मिता यादव शामिल हैं। चयनित विद्यार्थियों को संस्कार द गुरुकुल स्कूल बस्तर तथा हम अकादमी जगदलपुर में अध्ययन का अवसर मिलेगा।

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का उद्देश्य से श्रमिकों के बच्चों को राज्य के उच्चस्तरीय निजी विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक निजी शिक्षण संस्थानों में निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान की जाती है। इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिल रहा है।

चयनित विद्यार्थियों की शिक्षा से संबंधित संपूर्ण व्यय छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल, श्रम विभाग, सुकमा द्वारा वहन किया जाएगा। इस अवसर पर जिला श्रम अधिकारी सुनीता जोशी, सहायक श्रम पदाधिकारी सत्यानंद नाग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस कल्याणकारी पहल से श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर भविष्य की मजबूत नींव मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story