131 किलो गांजा के साथ महाराष्ट्र के पांच अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 72.45 लाख की संपत्ति जब्त

WhatsApp Channel Join Now
131 किलो गांजा के साथ महाराष्ट्र के पांच अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 72.45 लाख की संपत्ति जब्त


उड़ीसा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे गांजे की खेप, श्यामतराई नाका पर पुलिस ने दो कारों को घेराबंदी कर पकड़ा

धमतरी, 15 नवंबर (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 131.668 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपित उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे।

पुलिस ने श्यामतराई नाका पर घेराबंदी कर टाटा नैनो और स्विफ्ट डिजायर कार को रोका। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त दोनों कारों और पांच मोबाइल फोन सहित कुल 72 लाख 45 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में साइबर थाना एवं अर्जुनी थाना की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को 15 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा के जयपुर क्षेत्र से चारामा होते हुए महाराष्ट्र की ओर जा रही नैनो कार कार में सवार पांच व्यक्ति गांजे की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने श्यामतराई नाका पर घेराबंदी की और दोनों संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान 131.668 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 65 लाख 83 हजार 400 रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपितों में कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे (27 वर्ष), निवासी बुलढाना, रामेश्वर सालिक राम दांडगे (31 वर्ष), राबिनसन लॉरेंस फर्नांडिस (32 वर्ष), लखन गुलाब बेलदार (34 वर्ष) और गणेश विजय पाटिल (29 वर्ष), सभी निवासी जलगांव, महाराष्ट्र शामिल हैं। जब्त सामग्री में गांजे के अलावा नैनो कार की कीमत 50 हजार रुपये, स्विफ्ट करार कीमत पांच लाख रुपये और पांच मोबाइल फोन की कीमत एक लाख 12 हजार रुपये आंकी गई है। सभी आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गांजे के वास्तविक स्रोत, तस्करी के नेटवर्क, परिवहन मार्ग और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है। इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी के नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777689 Articles

Share this story