बलरामपुर : आग बुझाने में लापरवाही पड़ी भारी, कलेक्टर ने फायर इंचार्ज समेत पांच कर्मचारियों को किया निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : आग बुझाने में लापरवाही पड़ी भारी, कलेक्टर ने फायर इंचार्ज समेत पांच कर्मचारियों को किया निलंबित


बलरामपुर, 29 जून (हि.स.)। बलरामपुर में आग लगने की घटना के दौरान अग्निशमन वाहन के देर से पहुंचने और पर्याप्त पानी नहीं होने के कारण आग बुझाने में हुई देरी को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने गंभीरता से लिया है। मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए फायर इंचार्ज सहित पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने इसे कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही माना है।

शहर के कन्या हायर सेकेंडरी विद्यालय के पास स्थित एक मकान में साेमवार सुबह आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी थी। हालांकि, अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर विलंब से पहुंचा। इतना ही नहीं, मौके पर पहुंचने के बाद यह भी सामने आया कि वाहन में आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं था।

इसके बाद घटनास्थल पर ही वाहन में पानी भरने की प्रक्रिया शुरू करनी पड़ी, जिससे आग बुझाने के कार्य में और अधिक देरी हुई। इस कारण आग पर नियंत्रण पाने में अपेक्षा से अधिक समय लगा।

घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला सेनानी, नगर सेना को दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाओं में इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

फायर इंचार्ज सहित पांच कर्मचारी निलंबित

कलेक्टर के निर्देश के पालन में अनुशासनहीनता तथा अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही बरतने के आरोप में फायर इंचार्ज संजय पटेल, सैनिक क्रमांक-91 राजेंद्र प्रसाद, सैनिक क्रमांक-65 बुद्धिनारायण दुबे, पंप ऑपरेटर सह वाहन चालक फासिस जेवियर तथा फायरमैन सुनीन एक्का को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

यह कार्रवाई होमगार्ड अधिनियम की धारा-13 एवं नियम-12 के तहत की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story